Israel-US Iran War: ईरान के बिजली संयंत्र और बुशहर न्यूक्लियर प्लांट पर बड़ा हमला, 1 सुरक्षाकर्मी की मौत
ईरान के साथ जारी युद्ध के बीच अमेरिका और इजरायल ने बीते 24 घंटों में संयुक्त रूप से बड़ा सैन्य हमला किया है। इस हमले में ईरान के बिजली संयंत्र और बुशहर परमाणु केंद्र को निशाना बनाया गया, जिसमें एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई। यह हमला ऐसे समय पर हुआ है जब हाल ही में ईरान ने अमेरिका को भारी सैन्य नुकसान पहुंचाने का दावा किया था।
बुशहर परमाणु केंद्र पर चौथा बड़ा हमला
ईरान के बुशहर परमाणु संयंत्र पर अमेरिका और इजरायल का यह चौथा बड़ा हमला बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हमला संयंत्र की ‘परिधि बाड़’ के पास किया गया। हालांकि ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार इस हमले के बावजूद परमाणु संयंत्र का संचालन प्रभावित नहीं हुआ है और वह सामान्य रूप से काम कर रहा है।
ईरानी हमले के जवाब में कार्रवाई तेज
माना जा रहा है कि यह हमला ईरान द्वारा हाल ही में किए गए बड़े सैन्य हमले का जवाब है। ईरान ने दावा किया था कि उसने अमेरिका के कई फाइटर जेट, एयरक्राफ्ट कैरियर, अटैक हेलीकॉप्टर, एमक्यू-9 ड्रोन और क्रूज मिसाइलों को मार गिराया है। ईरान के मुताबिक, इस कार्रवाई में अमेरिका को युद्ध के दौरान अब तक का सबसे बड़ा नुकसान हुआ है।
ट्रंप के दावे के बाद बढ़ा टकराव
यह घटनाक्रम उस समय सामने आया है जब दो दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि तेहरान की मिसाइल और एयर डिफेंस क्षमताएं लगभग खत्म हो चुकी हैं। इसके बावजूद ईरान के हमले और उसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई ने संघर्ष को और तीखा बना दिया है।
IAEA ने जताई गहरी चिंता
ईरान के बुशहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर हुए हमले को लेकर अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने कड़ा विरोध दर्ज किया है। एजेंसी ने कहा कि इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है और विस्फोट के कारण संयंत्र परिसर की इमारत को नुकसान पहुंचा है। IAEA ने स्पष्ट कहा कि परमाणु ऊर्जा संयंत्रों को कभी भी सैन्य हमलों का निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।