ईरान-अमेरिका के बीच जारी सीजफायर के माहौल में पश्चिम एशिया से एक बड़ी खबर सामने आई है। इजरायल ने लेबनान में किए गए ताजा हमले में हिजबुल्लाह के नए चीफ नईम कासिम के मारे जाने का दावा किया है। इजरायली सेना के मुताबिक, यह कार्रवाई बुधवार रात दक्षिणी लेबनान और बेरूत क्षेत्र में की गई।
आईडीएफ का दावा, बेरूत में किया गया टारगेटेड हमला
इजरायली रक्षा बलों ने आधिकारिक बयान में कहा कि बेरूत में चलाए गए ऑपरेशन के दौरान हिजबुल्लाह के डिप्टी सेक्रेटरी नईम कासिम को निशाना बनाकर मार गिराया गया। सेना के अनुसार, यह हमला आतंकवादी ढांचे को खत्म करने के उद्देश्य से किया गया था, जिसमें कई महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाया गया।
करीबी सहयोगी अली यूसुफ खरशी भी मारा गया
इजरायली सेना ने यह भी दावा किया कि इस हमले में नईम कासिम के करीबी सहयोगी और निजी सचिव अली यूसुफ खरशी की भी मौत हुई है। बताया गया है कि खरशी, कासिम का भतीजा भी था और संगठन के भीतर रणनीतिक और सुरक्षा प्रबंधन में अहम भूमिका निभाता था। वह कासिम के कार्यालय संचालन और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा प्रमुख चेहरा माना जाता था।
हथियारों की सप्लाई रोकने के लिए क्रॉसिंग्स पर हमला
आईडीएफ के मुताबिक, रातभर चले अभियान में लेबनान के दो अहम क्रॉसिंग पॉइंट्स को भी निशाना बनाया गया। इन रास्तों का इस्तेमाल हिजबुल्लाह के लड़ाके उत्तरी लितानी से दक्षिणी लितानी क्षेत्र तक हथियार, रॉकेट और लॉन्चर पहुंचाने के लिए करते थे। सेना का दावा है कि इन क्रॉसिंग्स के जरिए बड़े पैमाने पर हथियारों की आवाजाही होती थी।
दक्षिणी लेबनान में कई ठिकाने तबाह
इजरायल ने यह भी बताया कि दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के करीब 10 हथियार भंडारण केंद्र, लॉन्चिंग साइट्स और मुख्यालयों को भी निशाना बनाकर नष्ट किया गया है। सेना के अनुसार, इन ठिकानों का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों और हमलों की तैयारी के लिए किया जाता था।