गौतमबुद्धनगर में राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ, न्यायमूर्ति अजीत कुमार ने किया उद्घाटन; ई-सेवा केंद्र और बार एसोसिएशन गेट का लोकार्पण

0 43

गौतमबुद्धनगर जिला न्यायालय परिसर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का विधिवत शुभारंभ इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति तथा जनपद के प्रशासनिक न्यायाधीश अजीत कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव सहित न्यायपालिका, प्रशासन, पुलिस और बार एसोसिएशन के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

लोक अदालत न्याय व्यवस्था का प्रभावी माध्यम: न्यायमूर्ति

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति अजीत कुमार ने राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि लोक अदालत न्यायिक व्यवस्था का एक सशक्त और प्रभावी मंच है, जहां आपसी सहमति के आधार पर मामलों का सरल, त्वरित और सौहार्दपूर्ण समाधान संभव होता है। उन्होंने अधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों से अपेक्षा जताई कि वे समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए लोक अदालत को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण हो सके।

स्टॉलों का उद्घाटन कर योजनाओं की ली जानकारी

राष्ट्रीय लोक अदालत के शुभारंभ के बाद प्रशासनिक न्यायाधीश और जनपद न्यायाधीश ने जिला न्यायालय परिसर में विभिन्न विभागों और संस्थाओं द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से संचालित योजनाओं और सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने मौजूद नागरिकों और लाभार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण, खुद कराई रक्तचाप जांच

कार्यक्रम के दौरान न्यायमूर्ति अजीत कुमार ने जिला न्यायालय परिसर का भी भ्रमण किया और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परिसर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने स्वयं रक्तचाप की जांच कराई। साथ ही उपस्थित लोगों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

ई-सेवा केंद्र और बार एसोसिएशन में नए गेट का लोकार्पण

इस अवसर पर जिला न्यायालय परिसर में स्थापित ई-सेवा केंद्र और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सेंटर का भी लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन में निर्मित नए गेट और गार्ड रूम का उद्घाटन भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान न्यायालय से जुड़े अधिवक्ताओं और वादकारियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया गया और व्यवस्थाओं की सराहना की गई। कहा गया कि इन सुविधाओं से न्यायिक कार्यों के संचालन में और अधिक सुगमता तथा पारदर्शिता आएगी।

न्यायिक, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय रामकेश, पीठासीन अधिकारी सुनील कुमार श्रीवास्तव, वाणिज्यिक न्यायालय के पीठासीन अधिकारी जगदीश प्रसाद, पीठासीन अधिकारी वत्सल श्रीवास्तव, अपर जिला जज एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी सोमप्रभा मिश्रा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिवानी त्यागी, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी और सचिव शोभाराम चंदेला सहित कई न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता और कर्मचारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, एडिशनल सीपी अजय कुमार, डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी, अशोक कुमार निम और अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के कई अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.