गौतम बुद्ध नगर: मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गौ आश्रय स्थलों के संचालन और प्रबंधन की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में एसीईओ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण लक्ष्मी वीएस, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
गो संवर्धन एवं संरक्षण कोष में निधि जुटाने पर चर्चा
बैठक में गो संवर्धन एवं संरक्षण कोष में धनराशि एकत्र करने और उसका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. द्विवेदी ने कहा कि विभिन्न संस्थानों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से कोष में धनराशि जुटाई जा सकती है और जनपदवासियों से अधिक से अधिक योगदान देने की अपील की गई।

निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए विशेष अभियान
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि जिले में निराश्रित गोवंश का शत-प्रतिशत संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। सभी गौशालाओं में पर्याप्त भूसा, हरा चारा, स्वच्छ पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जाएगा। गर्मी को ध्यान में रखते हुए पशुओं के लिए पर्याप्त छाया, ठंडा पेयजल, पंखे और कूलिंग की व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
नियमित निरीक्षण और सीसीटीवी निगरानी अनिवार्य
डॉ. द्विवेदी ने निर्देश दिए कि सभी नोडल अधिकारी नियमित रूप से गौशालाओं का निरीक्षण करें और गोवंश की वास्तविक संख्या का रजिस्टर एवं पोर्टल से मिलान कर सत्यापन करें। इसके साथ ही सभी गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना कर लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।