टैंक पर दिखा ताकत का प्रदर्शन: किम जोंग उन ने बेटी संग की सवारी, सेना को दिया जंग के लिए तैयार रहने का संदेश
उत्तर कोरिया से एक बार फिर सैन्य शक्ति प्रदर्शन की तस्वीरें सामने आई हैं। देश के नेता किम जोंग उन ने अपनी बेटी किम जू ए के साथ टैंक की सवारी कर सेना की तैयारियों का जायजा लिया। सरकारी मीडिया द्वारा जारी तस्वीरों में दोनों सैन्य अभ्यास के दौरान टैंक में सवार नजर आए, जिसे उत्तर कोरिया की बढ़ती सैन्य सक्रियता के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
टैंक यूनिट का निरीक्षण, सैनिकों को दिया सख्त संदेश
आधिकारिक कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी के मुताबिक, किम जोंग उन ने गुरुवार को टैंक यूनिट और अन्य सैन्य अभ्यासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सैनिकों को हर स्थिति में युद्ध के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। जारी तस्वीरों में किम और उनकी बेटी काले रंग की जैकेट पहने टैंक में बैठे दिखाई दिए। एक तस्वीर में किम जू ए टैंक के हैच से बाहर झांकती नजर आईं, जबकि किम जोंग उन टैंक के ऊपर बैठे मुस्कुराते दिखे।
लगातार बढ़ रही किम जू ए की सार्वजनिक मौजूदगी
किम जू ए को उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया में अक्सर “सबसे प्रिय” और “सम्मानित” बेटी के रूप में पेश किया जाता है। हाल के दिनों में वह कई सैन्य गतिविधियों में अपने पिता के साथ नजर आई हैं। इससे पहले दोनों ने रॉकेट लॉन्च और हथियार परीक्षण कार्यक्रमों का निरीक्षण किया था, साथ ही गोला-बारूद फैक्ट्री का दौरा भी किया था, जहां उन्होंने हथियारों का परीक्षण देखा।
उत्तराधिकारी को लेकर बढ़ी अटकलें
किम जू ए की लगातार बढ़ती सार्वजनिक मौजूदगी को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी ने हाल ही में संकेत दिए थे कि किम जोंग उन अपनी बेटी को संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर तैयार कर रहे हैं। हालांकि, कई विशेषज्ञ इस पर अलग राय रखते हैं। उनका मानना है कि उत्तर कोरिया की सत्ता संरचना पारंपरिक रूप से पुरुष प्रधान रही है, ऐसे में उत्तराधिकारी को लेकर तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं है।
अमेरिका-दक्षिण कोरिया सैन्य अभ्यास पर भी तनाव
इसी बीच अमेरिका और दक्षिण कोरिया के संयुक्त सैन्य अभ्यास को लेकर क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। उत्तर कोरिया इन अभ्यासों को अपने खिलाफ खतरे के रूप में देखता है। हाल ही में किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने चेतावनी देते हुए कहा था कि यह अभ्यास उत्तर कोरिया के प्रति अमेरिका और दक्षिण कोरिया की “गहरी और पुरानी शत्रुता” को दर्शाता है।