जनगणना-2027 में कर्मचारियों की कमी बनी चुनौती, नोएडा प्राधिकरण ने संभाला मोर्चा, सोसायटियों ने बढ़ाया सहयोग

0 36

नोएडा: जनगणना-2027 की प्रक्रिया प्रदेशभर में शुरू हो चुकी है और इसके साथ ही नोएडा प्राधिकरण ने भी तैयारियों को अंतिम रूप देना तेज कर दिया है। जनगणना कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए प्राधिकरण की ओर से पहले ही 2300 प्रगणकों और 335 सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया गया था, जो निर्धारित आवश्यकता के अनुरूप था। हालांकि जनगणना शुरू होने से ठीक पहले निजी स्कूलों की ओर से दायर रिट याचिका पर उच्च न्यायालय के आदेश के बाद निजी स्कूलों के शिक्षकों ने खुद को इस कार्य से अलग कर लिया, जिससे करीब 800 कर्मचारियों की कमी पैदा हो गई।

प्राधिकरण के अधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी

कर्मचारियों की अचानक कमी के बाद नोएडा प्राधिकरण ने स्थिति को संभालने के लिए अपने स्तर पर बड़े पैमाने पर प्रयास शुरू किए। प्राधिकरण के सभी महाप्रबंधकों और वरिष्ठ प्रबंधकों को मैदान में उतारकर जनगणना कार्य की गति बनाए रखने की कोशिश की गई।

इसी क्रम में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती वंदना त्रिपाठी ने स्वयं फील्ड में पहुंचकर सेक्टर-120 स्थित अम्रपाली जोडक सोसायटी समेत सेक्टर-117 और 119 की कई आवासीय सोसायटियों में जनगणना कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सामने आ रही समस्याओं को समझा।

सोसायटियों ने दिया उत्साहजनक सहयोग

निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने विभिन्न सोसायटियों के प्रतिनिधियों से जनगणना कार्य में सहयोग करने की अपील की। इसके बाद कई सोसायटियों ने सकारात्मक पहल करते हुए अपने स्तर पर कर्मचारियों की व्यवस्था कर प्रगणकों की कमी को पूरा करने में सहयोग देना शुरू कर दिया।

प्राधिकरण की ओर से विशेष कार्याधिकारी एवं भारसाधन अधिकारी इंदु प्रकाश सिंह को भी सेक्टर-75 की विभिन्न सोसायटियों में भेजा गया, जहां जनगणना कार्य को गति देने के लिए समन्वय स्थापित किया गया।

अगले दो दिनों में पूरी होगी कमी

प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि जिस तरह से आवासीय सोसायटियों की ओर से सहयोग मिल रहा है, उससे जल्द ही नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में प्रगणकों और सुपरवाइजरों की कमी पूरी कर ली जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक आज से कार्य में तेजी आनी शुरू हो गई है और अगले दो दिनों के भीतर सभी कमियों को दूर कर लिया जाएगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.