गर्मी में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, नोएडा में आइसक्रीम समेत खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए

0 31

गौतम बुद्ध नगर: ग्रीष्म ऋतु के दौरान आम लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में विशेष अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर विभागीय टीमें लगातार आइसक्रीम और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर रही हैं।

दो प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार और विजय बहादुर पटेल की टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्रेटर नोएडा स्थित डेरी फन ब्रांड की निर्माण इकाई से फ्रोजन डेजर्ट का एक नमूना संग्रहित किया। वहीं सेक्टर-104 हाजीपुर स्थित बीएसआर फूड एंड बेवरेज प्रतिष्ठान से ज्ञानी ब्रांड आइसक्रीम का एक नमूना लिया गया।

उन्होंने बताया कि दोनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, जहां गुणवत्ता और मानकों की जांच की जाएगी।

हलाल प्रमाणन वाले खाद्य पदार्थों को लेकर भी चला अभियान

विभाग की ओर से हलाल प्रमाणन युक्त खाद्य पदार्थों की बिक्री को लेकर मिली शिकायतों के बाद भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि पिछले दिनों हुई कार्रवाई के क्रम में मंगलवार को भी जनपद के विभिन्न स्टोरों पर जांच अभियान चलाया गया। हालांकि जांच के दौरान किसी भी प्रतिष्ठान पर हलाल प्रमाणन युक्त खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं पाई गई।

आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने स्पष्ट किया कि जनपदवासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए विभाग आगे भी इसी तरह विशेष जांच अभियान जारी रखेगा। साथ ही संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी प्रयोगशाला जांच सुनिश्चित की जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.