लखनऊ में अब चौराहों पर दिखेगा लाइव तापमान: गर्मी से बचाव के लिए लगेंगे डिजिटल मौसम बोर्ड

0 27

लखनऊ। राजधानी में बढ़ती गर्मी के बीच अब राह चलते ही लोगों को तापमान और मौसम की जानकारी मिल सकेगी। शासन ने शहर के व्यस्त चौराहों पर डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाने की योजना बनाई है, जिन पर रियल टाइम तापमान और मौसम पूर्वानुमान प्रदर्शित किया जाएगा।

गर्मी से बचाव के लिए खास पहल
मार्च के अंतिम दिनों में तेज धूप ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है और अप्रैल के पहले सप्ताह से तापमान और बढ़ने की आशंका है। ऐसे में हीट स्ट्रोक जैसे खतरों से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया है, ताकि लोग बाहर निकलते समय सतर्क रह सकें।

अप्रैल में चलेगा विशेष अभियान
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित कुमार घोष ने बताया कि 1 से 30 अप्रैल तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान और 10 से 30 अप्रैल तक ‘दस्तक अभियान’ चलाया जाएगा। इस दौरान गर्मी से बचाव के लिए शेल्टर की व्यवस्था की जाएगी और स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर बना माइक्रो प्लान
स्वास्थ्य विभाग ने मुख्यमंत्री के निर्देश पर विस्तृत माइक्रो प्लान तैयार किया है। शास्त्री भवन में हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों को मच्छरों के अधिक प्रकोप वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता पर जोर
अधिकारियों को रोगी वाहन सेवाओं को दुरुस्त रखने, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कृत करने और स्कूलों में पोस्टर प्रतियोगिता व रैलियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, भीड़भाड़ वाले इलाकों में ठंडे और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवाएं
दस्तक अभियान के तहत लक्षण वाले लोगों की जांच की जानकारी यूनिफाइड डिजीज सर्विलेंस पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। आशा कार्यकर्ताओं को हर परिवार तक आभा आईडी कार्ड पहुंचाने का निर्देश दिया गया है।

सफाई और रोकथाम पर विशेष ध्यान
नालियों की सफाई, जलभराव का निस्तारण, झाड़ियों की कटाई और तालाबों को प्रदूषण मुक्त रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में वेक्टर जनित और जल जनित रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

लगातार मॉनिटरिंग पर रहेगा फोकस
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान की सफलता के लिए नियमित और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि गर्मी और बीमारियों से लोगों को सुरक्षित रखा जा सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.