लो भाई… चांदी के बाद सोना भी धड़ाम! एक झटके में ₹7,000 तक गिरे भाव, 30 जनवरी 2026 के लेटेस्ट गोल्ड-सिल्वर रेट

0 1,265

नई दिल्ली: कमोडिटी मार्केट में इन दिनों जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। सोना और चांदी दोनों ही निवेशकों को हैरान कर रहे हैं। एक ही दिन में जहां रिकॉर्ड ऊंचाई बनती दिखी, वहीं कुछ ही घंटों बाद भारी गिरावट ने बाजार की दिशा बदल दी। पहले चांदी के दामों में जोरदार गिरावट आई और अब सोने के भाव भी अचानक फिसल गए हैं। शुक्रवार को सोने की कीमतों में करीब ₹7,000 तक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।

चांदी के बाद सोने में भी तेज गिरावट

गुरुवार को जहां चांदी लगभग 4 लाख रुपये के स्तर तक पहुंचने के बाद अचानक टूट गई और करीब ₹65,000 तक फिसल गई, वहीं अब सोने के भाव भी दबाव में नजर आए। हाजिर सोने की कीमतों में 0.5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है, जिसने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।

एशियाई बाजार में सोने के भाव कमजोर

शुक्रवार को शुरुआती एशियाई कारोबार में सोने की कीमतों में नरमी देखने को मिली। सुरक्षित निवेश की मांग और मुनाफावसूली के दबाव के बीच, पिछले सत्र में रिकॉर्ड ऊंचाई के बाद आई तेज गिरावट का असर साफ दिखाई दिया। Investing.com के मुताबिक, हाजिर सोना 0.5 फीसदी गिरकर 5,342.70 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि अप्रैल डिलीवरी के गोल्ड फ्यूचर्स 0.3 फीसदी के बदलाव के साथ 5,365.39 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करते नजर आए।

सुबह-सुबह ₹7,000 की बड़ी टूट

शुक्रवार सुबह करीब 9:15 बजे तक सोने के दाम में लगभग ₹7,000 की भारी गिरावट दर्ज की गई। 5 फरवरी 2026 डिलीवरी वाले सोने का भाव गिरकर 1,62,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। यह पिछले बंद भाव के मुकाबले 7,403 रुपये या करीब 4.37 फीसदी की गिरावट को दर्शाता है। 30 जनवरी 2026 को सुबह 9:05 बजे तक यह कॉन्ट्रैक्ट 1,67,899 रुपये पर खुला था, जबकि पिछला बंद भाव 1,69,403 रुपये रहा था।

गिरावट के बावजूद जनवरी में रिकॉर्ड तेजी

हालांकि शुक्रवार की गिरावट के बावजूद सोने की कीमतें अभी भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। जनवरी का महीना सोने के लिए बेहद शानदार रहा है, जिसमें करीब 24 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है। हाजिर सोना इस महीने लगभग 24 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है, जो 1980 के दशक के बाद इसकी सबसे मजबूत मासिक तेजी मानी जा रही है। वहीं चांदी भी जनवरी में 62 फीसदी से ज्यादा की बढ़त की ओर बढ़ती नजर आ रही है।

भू-राजनीतिक तनाव से मिला सोने को सहारा

जनवरी के दौरान सोने की कीमतों में करीब 1,000 डॉलर प्रति औंस का इजाफा हुआ। इसकी बड़ी वजह दुनिया भर में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव रहे। अमेरिका और अन्य वैश्विक ताकतों के बीच बढ़ती खींचतान ने निवेशकों को सुरक्षित निवेश की ओर मोड़ा, जिससे सोना और अन्य कीमती धातुओं की मांग तेज हुई।

इस हफ्ते रिकॉर्ड हाई से तेज गिरावट तक का सफर

इस हफ्ते सोने के बाजार में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला। गुरुवार को बुलियन की कीमतें करीब 5,600 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड उच्च स्तर तक पहुंच गई थीं। यह उछाल उन रिपोर्ट्स के बाद आया, जिनमें दावा किया गया था कि अमेरिका ईरान पर और अधिक हमलों की योजना बना रहा है। इसके बाद शुक्रवार को मुनाफावसूली के चलते कीमतों में ठंडक देखने को मिली।

अन्य कीमती धातुओं में भी नरमी

सोने के साथ-साथ अन्य कीमती धातुओं में भी शुक्रवार को गिरावट दर्ज की गई। हाजिर चांदी 1 फीसदी फिसलकर 114.0470 डॉलर प्रति औंस पर आ गई, हालांकि यह अभी भी अपने रिकॉर्ड स्तर के आसपास बनी हुई है। वहीं हाजिर प्लैटिनम लगभग 2 फीसदी गिरकर 2,600 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता नजर आया।

सर्राफा बाजार में सोने के ताजा भाव

घरेलू सर्राफा बाजार में सोना 1,78,860 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बिक रहा है। वहीं 22 कैरेट सोने की कीमत 1,63,960 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है। ग्लोबल लेवल पर बढ़ती अनिश्चितता और डॉलर में आई तेज कमजोरी से धातु बाजारों को सपोर्ट मिल रहा है। इसके साथ ही अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर बनी असमंजस की स्थिति भी सोने-चांदी की कीमतों को सहारा दे रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.