LPG Booking: फोन कॉल की झंझट खत्म, इन 4 आसान तरीकों से मिनटों में बुक करें गैस सिलेंडर

0 42

नई दिल्ली। रसोई गैस खत्म होने पर अक्सर लोग सिलेंडर बुक कराने के लिए फोन कॉल का सहारा लेते हैं, लेकिन कई बार व्यस्त लाइनों के कारण बुकिंग करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे हालात में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। हालांकि अब गैस सिलेंडर बुक करने के कई डिजिटल तरीके उपलब्ध हैं, जिनकी मदद से बिना फोन कॉल किए कुछ ही मिनटों में बुकिंग पूरी की जा सकती है। अगर आपके घर में भी गैस खत्म होने वाली है और कॉल के जरिए बुकिंग करना संभव नहीं हो पा रहा है, तो इन चार आसान तरीकों से सिलेंडर बुक किया जा सकता है।

व्हाट्सऐप के जरिए करें गैस सिलेंडर बुकिंग

अब कई गैस कंपनियां व्हाट्सऐप के माध्यम से भी गैस सिलेंडर बुक करने की सुविधा दे रही हैं। इसके लिए सबसे पहले अपने गैस कनेक्शन से जुड़े पंजीकृत मोबाइल नंबर से व्हाट्सऐप खोलना होगा। भारत गैस के उपभोक्ता 1800224344 नंबर को अपने फोन में सेव कर इस पर “Hi” लिखकर भेज सकते हैं। इसके बाद चैट में दिए गए विकल्पों में रिफिल बुकिंग का चयन करना होता है और कुछ ही सेकंड में बुकिंग पूरी हो जाती है।

इंडेन गैस के ग्राहक व्हाट्सऐप पर 7588888824 नंबर पर “REFILL” लिखकर भेज सकते हैं। वहीं एचपी गैस के उपभोक्ता 9222201122 नंबर पर “Hi” या “Book” लिखकर संदेश भेजकर सिलेंडर बुक कर सकते हैं।

एसएमएस से भी तुरंत हो जाएगी बुकिंग

गैस सिलेंडर बुक करने का एक और आसान तरीका एसएमएस है। इंडेन गैस के ग्राहक अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से “REFILL” लिखकर 7718955555 नंबर पर भेज सकते हैं। इसके बाद कुछ ही समय में बुकिंग का पुष्टि संदेश मिल जाता है।

वहीं भारत गैस के ग्राहक “LPG” लिखकर 7715012345 नंबर पर संदेश भेजकर अपनी गैस बुक कर सकते हैं और उन्हें भी तुरंत कन्फर्मेशन संदेश प्राप्त हो जाता है।

मिस्ड कॉल से भी कर सकते हैं बुकिंग

यदि इंटरनेट या संदेश भेजना संभव न हो तो मिस्ड कॉल के जरिए भी सिलेंडर बुक किया जा सकता है। यह सबसे सरल तरीका माना जाता है। इंडेन गैस के उपभोक्ता 8454955555 नंबर पर मिस्ड कॉल देकर बुकिंग कर सकते हैं, जबकि एचपी गैस के ग्राहक 94936022222 नंबर पर मिस्ड कॉल देकर सिलेंडर बुक करा सकते हैं। मिस्ड कॉल देने के कुछ ही समय बाद बुकिंग की पुष्टि का संदेश मोबाइल पर प्राप्त हो जाता है।

मोबाइल ऐप से भी उपलब्ध है सुविधा

आजकल कई मोबाइल ऐप के जरिए भी गैस सिलेंडर बुक करना बेहद आसान हो गया है। इसके लिए उमंग, पेटीएम, फोनपे और अमेजन पे जैसे ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है। इन ऐप को खोलकर गैस सिलेंडर या एलपीजी सेवा का विकल्प चुनना होता है। इसके बाद अपनी गैस कंपनी का चयन कर कस्टमर नंबर या पंजीकृत मोबाइल नंबर दर्ज करना होता है और “बुक सिलेंडर” विकल्प पर क्लिक करना होता है। कुछ ही मिनटों में बुकिंग पूरी हो जाती है।

सिलेंडर बुक करते समय यह ध्यान रखना जरूरी है कि वही मोबाइल नंबर इस्तेमाल किया जाए जो गैस कनेक्शन से पंजीकृत है। इससे बुकिंग तुरंत पूरी हो जाती है और किसी प्रकार की तकनीकी परेशानी नहीं आती। गैस की बढ़ती मांग और फोन लाइनों की व्यस्तता के बीच ये डिजिटल तरीके उपभोक्ताओं के लिए काफी राहत साबित हो रहे हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.