वाराणसी में LPG धमाका: घर ताश के पत्तों की तरह ढहा, भाई-बहन की मौत, CCTV में कैद हुआ मंजर

0 32

वाराणसी के मडुवाडीह थाना क्षेत्र के लहरतारा इलाके में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। एलपीजी गैस रिसाव के बाद हुए जोरदार धमाके में एक मंजिला मकान पल भर में ढह गया। इस हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि एक भाई और मां गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज बीएचयू ट्रामा सेंटर में चल रहा है।

सुबह चूल्हा जलाते ही हुआ विस्फोट
जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 7:30 बजे घर में एलपीजी चूल्हा जलाते समय अचानक तेज धमाका हुआ। धमाका इतना जबरदस्त था कि पूरा मकान भरभराकर गिर गया और अंदर मौजूद चार लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

CCTV में कैद हुआ धमाके का खौफनाक मंजर
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें विस्फोट की भयावहता साफ देखी जा सकती है। धमाके के बाद आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटीं कई एजेंसियां
सूचना मिलते ही पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, बम स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गईं। मलबे में दबे चारों लोगों को निकालकर बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने बहन प्रीति और भाई ओम कुमार चौधरी को मृत घोषित कर दिया।

दो घायल, अस्पताल में जारी इलाज
घटना में घायल अमन और गिरजा देवी का इलाज बीएचयू ट्रामा सेंटर में जारी है। डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है।

मलबे से मिले गैस सिलेंडर, जांच जारी
पुलिस के अनुसार घटनास्थल से एलपीजी चूल्हा और दो सिलेंडर मलबे में दबे मिले हैं, जिन्हें फॉरेंसिक टीम ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर पूरे इलाके की दोबारा जांच की जा रही है।

पुलिस ने दी जानकारी, कारणों की हो रही जांच
अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने बताया कि कंट्रोल रूम को मकान ढहने की सूचना मिलते ही तत्काल सभी एजेंसियों को मौके पर भेजा गया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह एलपीजी गैस रिसाव सामने आई है, हालांकि विस्तृत जांच जारी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.