लखनऊ में बाइक सवार लुटेरों का बेखौफ आतंक! 24 घंटे में मोबाइल लूट की दो वारदातें, विरोध करने पर युवती सड़क पर गिरी

0 11

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी में बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस की कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए सरेराह मोबाइल लूट की दो मिलती-जुलती वारदातों को अंजाम दिया है। 24 घंटे के भीतर इंदिरा नगर और सआदतगंज में हुई इन घटनाओं से लोगों में दहशत है। इंदिरा नगर में बदमाशों ने चलते ई-रिक्शे में बैठी युवती का मोबाइल छीन लिया। विरोध करने के दौरान युवती सड़क पर गिरकर घायल हो गई। वहीं, सआदतगंज में सड़क किनारे मोबाइल पर बात कर रहे युवक को निशाना बनाया गया।

रिंग रोड के टेढ़ी पुलिया इलाके की रहने वाली अनुराधा मंगलवार रात मुंशीपुलिया चौराहे से ई-रिक्शे में बैठकर चिनहट के कमता जा रही थीं। इसी दौरान इंदिरा नगर के डी ब्लॉक के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनके हाथ से मोबाइल छीनने की कोशिश की। अनुराधा ने मोबाइल बचाने के लिए बदमाशों का विरोध किया और उनसे भिड़ गईं। इस दौरान वह ई-रिक्शे से नीचे सड़क पर गिर गईं। बदमाश मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए।

चालक और युवती ने शोर मचाया, अस्पताल पहुंचाया

ई-रिक्शा चालक अरविंद ने अनुराधा को सड़क से उठाया। इसके बाद दोनों ने बदमाशों को पकड़ने के लिए शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायल अनुराधा को राम मनोहर लोहिया संस्थान पहुंचाया गया।

गाजीपुर पुलिस ने अस्पताल में अनुराधा से घटना की जानकारी ली। पीड़िता ने बताया कि बदमाश उनका मोबाइल लूटकर ले गए हैं। हालांकि, गाजीपुर इंस्पेक्टर राजेश कुमार मौर्य ने मोबाइल लूट की घटना से इनकार किया। उनका कहना था कि पीड़िता की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।

सआदतगंज में भी बाइक सवारों ने युवक का मोबाइल छीना

सआदतगंज इलाके में भी इसी तरह की वारदात हुई। नौबस्ता निवासी गफ्फार के मुताबिक, सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह गिरधारा सिंह स्कूल के पास सड़क किनारे मोबाइल पर बिजली मिस्त्री से बात करते हुए जा रहे थे। तभी बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल छीनकर भाग निकले।

अचानक हुई इस घटना से गफ्फार कुछ देर के लिए हैरान रह गए। उन्होंने शोर मचाते हुए बदमाशों का कुछ दूर तक पीछा भी किया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से फरार हो गए। गफ्फार ने इस मामले में सआदतगंज थाने में मोबाइल लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

लगातार वारदातों से लोगों में बढ़ी चिंता

शहर में 24 घंटे के भीतर मोबाइल लूट की दो समान घटनाओं ने राह चलते लोगों की चिंता बढ़ा दी है। एक घटना में युवती को विरोध करने के दौरान चोट आई, जबकि दूसरी में बदमाश युवक का मोबाइल छीनकर भाग गए। सरेराह हुई इन वारदातों से राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.