Lucknow-Mumbai Special Trains: 20 मई से चलेंगी 2 समर स्पेशल ट्रेनें, सुल्तानपुर और वाराणसी से मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

0 15

गर्मी के मौसम में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने लोकमान्य तिलक टर्मिनल (मुंबई) के लिए दो साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन का ऐलान किया है। ये दोनों ट्रेनें सुल्तानपुर और वाराणसी से चलेंगी और लखनऊ होकर गुजरेंगी, जिससे बड़ी संख्या में यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।

सुल्तानपुर-एलटीटी स्पेशल का पूरा शेड्यूल

उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी के अनुसार, ट्रेन नंबर 04212 सुल्तानपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस 20 मई से 15 जुलाई तक प्रत्येक बुधवार को सुल्तानपुर से सुबह 4 बजे रवाना होगी और सुबह 6:20 बजे लखनऊ पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन कानपुर, उरई, झांसी, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, खंडवा, भुसावल, पाचोरा, चालिसगांव, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे होते हुए अगले दिन दोपहर 12:20 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनल पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन नंबर 04211 लोकमान्य तिलक टर्मिनल-सुल्तानपुर एक्सप्रेस 21 मई से 16 जुलाई तक प्रत्येक गुरुवार को दोपहर 2:35 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन रात 8:50 बजे लखनऊ और रात 11 बजे सुल्तानपुर पहुंचेगी।

वाराणसी-एलटीटी स्पेशल की टाइमिंग

ट्रेन नंबर 04226 वाराणसी-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस 21 मई से 9 जुलाई तक प्रत्येक गुरुवार को वाराणसी से रात 1:35 बजे चलेगी। यह जौनपुर और सुल्तानपुर होते हुए सुबह 6:20 बजे लखनऊ पहुंचेगी और फिर आगे कानपुर, उरई, झांसी, बीना, इटारसी, भुसावल, चालिसगांव, नासिक, कल्याण और ठाणे होते हुए अगले दिन दोपहर 12:20 बजे मुंबई पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन नंबर 04225 लोकमान्य तिलक टर्मिनल-वाराणसी एक्सप्रेस 22 मई से 10 जुलाई तक प्रत्येक शुक्रवार को दोपहर 2:35 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन रात 8:50 बजे लखनऊ और रात 2:05 बजे वाराणसी पहुंचेगी।

कोच संरचना और सुविधाएं

दोनों समर स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों की सुविधा के लिए थर्ड एसी इकोनॉमी श्रेणी के 14 कोच और सामान्य श्रेणी के 4 कोच लगाए जाएंगे। गर्मियों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से की गई है।

कानपुर पुल बायां किनारा स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लखनऊ-नई दिल्ली गोमती एक्सप्रेस और मां बेल्हादेवी प्रतापगढ़ इंटरसिटी ट्रेनों को कानपुर पुल बायां किनारा स्टेशन पर एक-एक मिनट का अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा। यह व्यवस्था 9 अप्रैल से 13 मई तक लागू रहेगी।

सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी के मुताबिक, ट्रेन नंबर 12419 लखनऊ-नई दिल्ली गोमती एक्सप्रेस सुबह 7:21 से 7:22 बजे तक यहां रुकेगी। वहीं, ट्रेन नंबर 14123 मां बेल्हादेवी प्रतापगढ़-कानपुर सेंट्रल इंटरसिटी हरौनी (08:19–08:20), अजगैन (08:33–08:34) और कानपुर पुल बायां किनारा (09:12–09:13) स्टेशन पर रुकेगी।

इसी तरह ट्रेन नंबर 14124 कानपुर सेंट्रल-मां बेल्हादेवी प्रतापगढ़ इंटरसिटी कानपुर पुल बायां किनारा (17:39–17:40), अजगैन (18:10–18:11) और हरौनी (18:24–18:25) स्टेशन पर एक मिनट का अतिरिक्त ठहराव करेगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.