Magh Purnima 2026: कानपुर के गंगा घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, आस्था की डुबकी के लिए तड़के से पहुंचने लगे भक्त

0 28

कानपुर। माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर रविवार को कानपुर के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। पतित पावनी मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के लिए सुबह से ही हजारों श्रद्धालु घाटों की ओर रुख करने लगे हैं। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु विधि-विधान से भगवान विष्णु का पूजन-अर्चन कर दान-दक्षिणा भी देंगे।

सुबह से गंगा स्नान के लिए घाटों पर जुटने लगे श्रद्धालु

माघी पूर्णिमा को लेकर सरसैया घाट, अटल घाट, सिद्धनाथ घाट और परमट घाट पर सुबह तड़के से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है और सभी पापों का नाश होता है। इसी आस्था के चलते शहर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी लोग गंगा स्नान के लिए कानपुर पहुंच रहे हैं।

हादसों से बचाव के लिए घाटों पर कड़े इंतजाम

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। घाटों पर बैरिकेडिंग कराई गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके। पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रूप से संभाला जा रहा है।

बिठूर में नाव संचालन पर लगाया गया प्रतिबंध

माघ पूर्णिमा स्नान को लेकर बिठूर क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। यहां नावों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है। बिठूर में कानपुर के अलावा आसपास के जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

माघ पूर्णिमा का विशेष धार्मिक महत्व

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार माघ पूर्णिमा का विशेष महत्व होता है। इस दिन गंगा स्नान, दान और भगवान विष्णु की पूजा से अक्षय पुण्य की प्राप्ति मानी जाती है। इसी कारण हर वर्ष इस अवसर पर गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिलती है।

भागवत कथा में फूलों की होली, भक्तों में दिखा उत्साह

कानपुर के परमट स्थित पं. शिव नारायण मिश्रा पार्क में चल रही भागवत कथा के सातवें दिन विशेष आयोजन किया गया। कथा स्थल पर राधा-कृष्ण की भव्य झांकी सजाई गई, जिसके बाद फूलों की होली खेली गई। कथा व्यास अभिषेक कृष्ण शास्त्री ने रुक्मिणी मंगल, उद्धव चरित्र और सुदामा चरित्र की कथा सुनाई। भजनों की धुन पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए।

इस अवसर पर शैलेंद्र शुक्ला, राजेंद्र अवस्थी, राजेंद्र वर्मा, अर्जुन जैन, गोविंद शुक्ला और विनय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.