महाराष्ट्र सरकार ने किसानों के लिए घोषित की बड़ी राहत: बेमौसम बारिश से हुए नुकसान के लिए 128 करोड़ 65 लाख रुपये की सहायता
मुंबई: महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के किसानों के लिए राहत पैकेज की घोषणा की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल बैठक में यह फैसला लिया गया कि अक्टूबर से दिसंबर 2025 के दौरान हुई बेमौसम बारिश से प्रभावित 1,80,574 किसानों को कुल 128 करोड़ 65 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
किसानों को कितना नुकसान हुआ
राज्य में अक्टूबर-दिसंबर 2025 में हुई बेमौसम बारिश से लगभग 1,14,752 हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित हुई। प्रमुख रूप से चंद्रपुर, धुले, गढ़चिरौली, जलगांव, नासिक, रायगढ़ और सिंधुदुर्ग जिलों में फसल और कृषि उत्पादन को नुकसान पहुंचा। नुकसान की भरपाई के लिए 128.86 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।
जनवरी-मार्च 2026 में भी बेमौसम बारिश का असर
जनवरी से मार्च 2026 के बीच हुई बारिश से कुल 1,45,606 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ और 2,33,890 किसानों को नुकसान हुआ। इस दौरान केला, प्याज, पपीता, आम, अंगूर, गेहूं, चना, ज्वार जैसी फसलें प्रभावित हुईं। लातूर, सोलापुर, नासिक, सातारा, धुले, नंदुरबार, यवतमाल, अहिल्यानगर, पुणे, जालना, छत्रपति संभाजीनगर, बुलढाणा और बीड जिलों में सबसे अधिक नुकसान दर्ज किया गया।
बारिश से हुई जान-माल की हानि
बेमौसम बारिश के कारण 5 लोगों की मौत और 9 लोग घायल हुए हैं। साथ ही 36 पशुओं की भी जान गई। अप्रैल 2026 में हुई बारिश से प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार 1,94,329 किसानों की 1,22,993 हेक्टेयर भूमि प्रभावित हुई है। जनवरी से अब तक हुए नुकसान के पंचनामे तैयार किए जा रहे हैं।
जलसंपदा परियोजनाओं से बढ़ी सिंचाई क्षमता
जुलाई 2022 से जलसंपदा विभाग की 41 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जिससे लगभग 105 टीएमसी जल भंडारण क्षमता विकसित हुई। इन परियोजनाओं से 2.95 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त सिंचाई क्षमता प्राप्त हुई है। अब तक 225 परियोजनाओं को संशोधित और प्रशासनिक मंजूरी दी गई है, जिनकी कुल लागत 4.35 लाख करोड़ रुपये है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद राज्य में कुल 33.45 लाख हेक्टेयर सिंचाई क्षमता विकसित होने की संभावना है।