फुकेट एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट का लैंडिंग के दौरान टूटा आगे का पहिया, 141 लोग सुरक्षित
हैदराबाद से थाईलैंड के फुकेट जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट के साथ लैंडिंग के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। विमान के उतरते समय उसका ‘नोज व्हील’ यानी आगे का पहिया टूट गया, जिससे कुछ देर के लिए यात्रियों और एयरपोर्ट प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी 141 लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। इस फ्लाइट में 135 यात्री और 6 क्रू सदस्य मौजूद थे।
लैंडिंग के दौरान आई तकनीकी खराबी
घटना 11 मार्च को सामने आई, जब एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX938 हैदराबाद से उड़ान भरकर फुकेट पहुंची थी। लैंडिंग के दौरान विमान में तकनीकी समस्या आ गई और उसका नोज व्हील टूट गया। अधिकारियों के मुताबिक लैंडिंग काफी जोरदार रही, जिसके कारण विमान का आगे वाला पहिया अलग हो गया और नोज लैंडिंग गियर क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान रनवे पर उतरते समय जोरदार तरीके से जमीन को छूता है। इस तकनीकी खराबी के बाद फुकेट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को कुछ समय के लिए अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा, ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
एयरलाइन ने दिया आधिकारिक बयान
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 11 मार्च को हैदराबाद से फुकेट जा रही उसकी फ्लाइट में लैंडिंग के बाद नोज व्हील से जुड़ी तकनीकी समस्या सामने आई। यह फ्लाइट राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, हैदराबाद से उड़ान भरकर फुकेट पहुंची थी।
एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि क्रू मेंबर्स ने सभी मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया और यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान से उतार लिया गया। एयरलाइन ने इस दौरान यात्रियों, फुकेट एयरपोर्ट प्रशासन और अन्य संबंधित एजेंसियों के सहयोग के लिए आभार भी जताया।
घटना की जांच संभव
यह विमान बोइंग 737 मैक्स 8 मॉडल का बताया जा रहा है। चूंकि यह भारतीय एयरलाइन की फ्लाइट है, इसलिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय इस घटना का संज्ञान ले सकता है। विमान के तकनीकी पहलुओं को देखते हुए पूरे मामले की विस्तृत जांच होने की संभावना जताई जा रही है।