अमरनाथ यात्रा में बड़ा हादसा! जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर श्रद्धालुओं की कार दुर्घटनाग्रस्त, 5 घायल, महिला की हालत गंभीर

0 19

उधमपुर: अमरनाथ यात्रा के दौरान शुक्रवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) पर श्रद्धालुओं की एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पांच श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

दीवार से टकराई श्रद्धालुओं की कार

जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से पहलगाम के लिए रवाना हुए जत्थे के साथ अर्टिगा कार से यात्रा कर रहे थे। उधमपुर जिले के समरोली क्षेत्र में टोल्डी नाला के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे बनी दीवार से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाए गए घायल

दुर्घटना की सूचना मिलते ही सीआरपीएफ की 137वीं बटालियन, गोरखा 4/3, सिविल डिफेंस, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को तत्काल रेस्क्यू कर उधमपुर स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में घायल सीमा गुप्ता नाम की महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है। अन्य घायलों का भी उपचार जारी है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

अमरनाथ यात्रा 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीआरपीएफ लगातार जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोड ओपनिंग पार्टी अभियान चला रहा है। इसका उद्देश्य यात्रा मार्ग को सुरक्षित बनाए रखना और श्रद्धालुओं की आवाजाही को निर्बाध बनाए रखना है।

स्वास्थ्य सुविधाओं की भी विशेष व्यवस्था

यात्रा के दौरान चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए सीआरपीएफ की 84वीं बटालियन ने रामबन जिले के चंदरकोट में मोबाइल हेल्थ कैंप स्थापित किया है। यहां श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को चौबीसों घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कमांडेंट एन. रणबीर सिंह की निगरानी में संचालित इस हेल्थ कैंप में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनंथा कृष्णन के नेतृत्व में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम एडवांस्ड लाइफ सेविंग एंबुलेंस तथा आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं के साथ तैनात है।

श्रद्धालुओं ने की व्यवस्थाओं की सराहना

देश के विभिन्न राज्यों से अमरनाथ यात्रा पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं को संतोषजनक बताते हुए संबंधित एजेंसियों के प्रयासों की सराहना की।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.