मार्च 2026 ऑटो सेल्स: मारुति, टाटा, महिंद्रा, हुंडई और टोयोटा ने दर्ज की मजबूत बिक्री, मारुति बनी सबसे बड़ी कंपनी
देश की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनियों ने मार्च 2026 की बिक्री के आंकड़े जारी कर दिए हैं। मारुति सुजुकी इंडिया ने मार्च में कुल 2,25,251 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल मार्च की तुलना में 16.72 प्रतिशत अधिक है। घरेलू यात्री वाहनों की बिक्री 1,66,219 यूनिट रही, जो सालाना आधार पर 10.27 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में कुल 24,22,713 गाड़ियां बेचीं, जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 8.4 प्रतिशत ज्यादा है।
टाटा मोटर्स की बिक्री में जबरदस्त उछाल
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड ने मार्च 2026 में कुल 66,971 यूनिट्स की बिक्री की, जो पिछले साल इसी महीने की तुलना में 29 प्रतिशत अधिक है। घरेलू यात्री वाहन बिक्री 66,192 यूनिट रही। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कंपनी ने पिछले साल के मुकाबले तीन गुना से ज्यादा 779 यूनिट्स की बिक्री की। इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) सेगमेंट में टाटा ने 9,494 गाड़ियां बेचीं, जो सालाना आधार पर 77 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाती है। वित्त वर्ष 2025-26 में टाटा की कुल बिक्री 6,41,587 यूनिट रही।
महिंद्रा की एसयूवी का जलवा कायम
महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड ने मार्च में निर्यात सहित कुल 99,969 गाड़ियां बेचीं, जो सालाना आधार पर 21 प्रतिशत अधिक है। एसयूवी की बिक्री 60,272 यूनिट रही, जबकि निर्यात सहित कुल एसयूवी की बिक्री 62,109 यूनिट दर्ज की गई। कमर्शियल वाहन बिक्री में 24,928 यूनिट्स का आंकड़ा रहा, जो पिछले साल मार्च की तुलना में 11 प्रतिशत अधिक है। वित्त वर्ष 2025-26 में एसयूवी की कुल बिक्री 6,60,276 यूनिट रही, जो पिछले साल के 5,51,487 यूनिट्स की तुलना में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाती है।
हुंडई ने भी दिखाई मजबूती
हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने मार्च में कुल 69,004 गाड़ियां बेचीं, जिसमें 55,064 की घरेलू बिक्री और 13,940 का निर्यात शामिल है। सालाना आधार पर कुल बिक्री में 2.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में कुल बिक्री 2,08,275 यूनिट रही, जिसमें घरेलू बिक्री 1,66,578 यूनिट और निर्यात 41,697 यूनिट्स का रहा।
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर की शानदार प्रगति
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने मार्च में कुल 37,194 यूनिट्स बेचीं, जो सालाना आधार पर 24 प्रतिशत अधिक है। घरेलू बिक्री 35,125 यूनिट रही, जबकि निर्यात 2,069 यूनिट्स का दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2025-26 में टोयोटा की कुल बिक्री 4,06,081 यूनिट रही, जो पिछले वित्त वर्ष की 3,37,148 यूनिट की तुलना में 20 प्रतिशत अधिक है।