Mardaani 3 OTT Release: इस वीकेंड बड़ा धमाका, ‘धुरंधर 2’ के बीच ओटीटी पर आ रही रानी मुखर्जी की फिल्म
बॉलीवुड में इस वीकेंड एंटरटेनमेंट का डबल डोज देखने को मिल रहा है। एक तरफ सिनेमाघरों में ‘धुरंधर 2’ की चर्चा तेज है, तो वहीं अब ओटीटी पर रानी मुखर्जी की बहुचर्चित फिल्म ‘मर्दानी 3’ दस्तक देने जा रही है। थिएटर में रिलीज के बाद अब दर्शक इस फिल्म को घर बैठे देख सकेंगे।
30 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘मर्दानी 3’ को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। फिल्म में रानी मुखर्जी ने एक बार फिर पुलिस अफसर शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार में दमदार वापसी की, जिसे फैंस ने खूब सराहा।
OTT पर कब और कहां देखें ‘मर्दानी 3’
रानी मुखर्जी स्टारर ‘मर्दानी 3’ 27 मार्च से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो चुकी है। प्लेटफॉर्म ने खुद सोशल मीडिया के जरिए इसकी आधिकारिक घोषणा की थी। ऐसे में जो दर्शक इसे थिएटर में नहीं देख पाए, उनके लिए यह बेहतरीन मौका है।
फैंस में दिखा जबरदस्त उत्साह
फिल्म के ओटीटी रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। कई दर्शकों ने इसे वीकेंड वॉच के तौर पर पसंद किया और रानी मुखर्जी की एक्टिंग की जमकर तारीफ की। हालांकि कुछ यूजर्स ने इसे पिछली फिल्मों के मुकाबले थोड़ा कमजोर भी बताया।
क्या है फिल्म की कहानी
‘मर्दानी 3’ की कहानी बुलंदशहर से शुरू होती है, जहां लड़कियों के अपहरण का सिलसिला चल रहा होता है। एक महिला सरगना ‘अम्मा’ इस पूरे गैंग को ऑपरेट करती है। मामला तब गंभीर हो जाता है जब एक बड़े अधिकारी की बेटी को किडनैप कर लिया जाता है।
इसके बाद केस की जिम्मेदारी शिवानी शिवाजी रॉय संभालती हैं और जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आते हैं। फिल्म में किडनैपिंग के पीछे एक खौफनाक नेटवर्क दिखाया गया है, जो कहानी को और भी सस्पेंसफुल बनाता है। फिल्म का क्लाइमैक्स दर्शकों को झकझोर देता है।
बॉक्स ऑफिस पर कैसा रहा प्रदर्शन
फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक प्रदर्शन किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘मर्दानी 3’ ने दुनियाभर में करीब 76.20 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इससे पहले ‘मर्दानी 2’ ने 67 करोड़ रुपये और 2014 में आई पहली फिल्म ‘मर्दानी’ ने 59.30 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
हालांकि इस बार फिल्म को दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली, क्योंकि कई लोगों को यह पहले दो पार्ट्स जितनी प्रभावशाली नहीं लगी।