पटना के कंकड़बाग में दो मंजिला इमारत में भीषण आग, कपड़ा दुकान से उठीं लपटें, इलाके में मची अफरा-तफरी

0 61

पटना। राजधानी पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र स्थित शिवाजी पार्क के पास बुधवार देर रात एक दो मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। आग की शुरुआत इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित कपड़ा दुकान से हुई, जो कुछ ही देर में पहली मंजिल तक फैल गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।

दुकान बंद होने के बाद उठने लगा घना धुआं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब साढ़े नौ बजे दुकान बंद होने के बाद अचानक भीतर से घना धुआं निकलता दिखा। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी इमारत इसकी चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही डायल 112 और कंकड़बाग थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।

दमकल की 10 गाड़ियां और दो हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म तैनात
आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई की। कंकड़बाग, लोदीपुर, सचिवालय, फुलवारी शरीफ और पटनासिटी फायर स्टेशन से दमकल की कुल 10 गाड़ियां और दो हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म घटनास्थल पर भेजे गए। ऊंचाई तक पहुंचकर दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। देर रात तक दमकलकर्मी इमारत पर पानी की बौछार करते रहे, ताकि दोबारा आग न भड़के। एहतियातन इलाके की बिजली आपूर्ति भी कुछ समय के लिए काट दी गई।

सभी लोग सुरक्षित, कोई हताहत नहीं
जानकारी के मुताबिक, यह मकान पुष्पा देवी का है, जिसमें अगमकुआं निवासी अजय की कपड़े की दुकान संचालित होती है। घटना के वक्त मकान मालकिन समेत 8 से 10 लोग इमारत में मौजूद थे, जो समय रहते बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

आग के कारणों और नुकसान की जांच जारी
लोदीपुर फायर स्टेशन के इंचार्ज अजीत कुमार ने बताया कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है। आग लगने के कारणों और संपत्ति के नुकसान का आकलन किया जा रहा है। कंकड़बाग थाने की पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और स्थिति पर नजर बनाए रखी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.