सदस्य गौ सेवा आयोग उ0प्र0 रमाकांत उपाध्याय ने गौतमबुद्ध नगर की गौशालाओं का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर जताया संतोष
गौतमबुद्धनगर: सदस्य गौ सेवा आयोग उत्तर प्रदेश सरकार रमाकांत उपाध्याय जी द्वारा आज जनपद गौतमबुद्ध नगर के नोएडा सेक्टर-94 स्थित श्री जी गौसदन आयोग में पंजीकृत गौशाला का निरीक्षण किया गया, जहां निरीक्षण के दौरान गौशाला की व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता से परिपूर्ण पाई गईं और गौ उत्पाद निर्माण, प्रयोगशाला संचालन एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यों को देखकर गौशाला संचालकों के प्रयासों की सराहना की गई।

इसके उपरांत मा. सदस्य द्वारा ग्रेटर नोएडा के ग्राम जलपुरा में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा संचालित गौशाला का औचक निरीक्षण किया गया, जहां ठंड के मौसम को देखते हुए गौवंशों की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश देते हुए सभी गौवंशों को पोषण युक्त भोजन उपलब्ध कराने, ठंड से बचाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा निरीक्षण के दौरान पाई गई अन्य अव्यवस्थाओं को तत्काल सुधारने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, साथ ही उन्होंने कहा कि गौसेवा और गौवंश संरक्षण उत्तर प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

मा0 सदस्य द्वारा गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में गोबर से पेंट, अगरबत्ती, दीपक एवं अन्य उपयोगी उत्पादों के निर्माण का कार्य प्रारंभ किए जाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि इस कार्य से न केवल गौशाला की आय में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय जनसामान्य को रोजगार से जोड़कर स्वावलंबन को भी बढ़ावा मिलेगा। मा0 सदस्य ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वयं सहायता समूहों, महिलाओं एवं युवाओं को प्रशिक्षण देकर इस पहल से जोड़ा जाए, ताकि गौशाला आर्थिक रूप से सशक्त बन सके और जनभागीदारी सुनिश्चित हो। इस दौरान मा0 सदस्य के साथ मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अरुण कुमार एवं संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।