मिनीमाता महतारी जतन योजना: गर्भवती महिलाओं को मिलेंगे 20 हजार रुपये, ऐसे उठाएं लाभ

0 20

छत्तीसगढ़ सरकार गर्भवती महिलाओं के पोषण और देखभाल को ध्यान में रखते हुए ‘मिनीमाता महतारी जतन योजना’ के तहत आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। इस योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को कुल 20,000 रुपये की एकमुश्त राशि दी जाती है, ताकि गर्भावस्था के दौरान और बच्चे के जन्म के बाद मां और शिशु दोनों को उचित पोषण मिल सके।

क्या है योजना का उद्देश्य
इस योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर गर्भवती महिलाओं को वित्तीय सहायता देकर उनके स्वास्थ्य और पोषण स्तर को बेहतर बनाना है। सरकार चाहती है कि मां और बच्चे को किसी भी तरह की पोषण संबंधी कमी का सामना न करना पड़े।

कौन उठा सकता है लाभ? (पात्रता शर्तें)
इस योजना का लाभ केवल छत्तीसगढ़ के निवासियों को ही मिलेगा। राज्य की गर्भवती महिलाएं इसके लिए पात्र होंगी। इसके साथ ही महिला या उसके पति का निर्माण श्रमिक होना जरूरी है और आवेदन से कम से कम 90 दिन पहले उनका पंजीकरण विभाग में होना चाहिए।
महिला का आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) में होना अनिवार्य है। गर्भावस्था का पंजीकरण किसी सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र में होना चाहिए।
इस योजना का लाभ अधिकतम दो बच्चों तक ही दिया जाएगा। वहीं, जो निर्माण श्रमिक किसी सरकारी विभाग या सार्वजनिक संस्थान में कार्यरत हैं, वे इस योजना के दायरे में नहीं आएंगे।

कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी हैं
आवेदन के लिए छत्तीसगढ़ का निवास प्रमाण पत्र, पति-पत्नी का आधार कार्ड, राशन कार्ड, अस्पताल द्वारा जारी गर्भावस्था प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक की जानकारी और पंजीकृत निर्माण श्रमिक होने का प्रमाण पत्र आवश्यक होगा।

ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?
सबसे पहले पात्रता की जांच कर सभी जरूरी दस्तावेज तैयार करें। इसके बाद ‘हमार पहचान’ पोर्टल पर जाकर पंजीकरण करना होगा। पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के बाद ‘योजनाएं’ सेक्शन में जाकर मिनीमाता महतारी जतन योजना का चयन करें।
इसके सामने दिए गए ‘आवेदन करें’ लिंक पर क्लिक करने के बाद लॉगिन फॉर्म खुलेगा, जहां पहले अकाउंट बनाना होगा। आधार कार्ड और मोबाइल नंबर के जरिए पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करें।
इसके बाद यूज़र आईडी और पासवर्ड बनाकर अपनी सभी जानकारी दर्ज करें और ओटीपी के माध्यम से मोबाइल नंबर सत्यापित करें। अंत में आईडी प्रकार चुनकर फॉर्म सबमिट करें, जिसके बाद आवेदन प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.