‘उंगली मत उठाइए मंत्री जी…’ लोकसभा में स्पीकर की टिप्पणी से गूंजे ठहाके, जानिए पूरा घटनाक्रम

0 69

नई दिल्ली: लोकसभा में गुरुवार को एक दिलचस्प और हल्का-फुल्का पल देखने को मिला, जब केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) से जुड़े विधेयक पर चर्चा के दौरान सदन में हंसी का माहौल बन गया। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय जब विपक्ष के सवालों का जवाब दे रहे थे, उसी दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें टोकते हुए कहा—“उंगली मत उठाइए मंत्री जी, इधर बोलिए।” इस टिप्पणी के बाद सदन में ठहाके गूंज उठे।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उठी उंगली
दरअसल, गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सामान्य प्रशासन) विधेयक, 2026 पर चर्चा का जवाब दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने विपक्ष के उस आरोप को खारिज किया, जिसमें कहा गया था कि CAPF का मनोबल गिरा है। राय ने विपक्ष की ओर इशारा करते हुए उंगली उठाकर कहा कि जाकर देखें कि बलों का मनोबल किस तरह बढ़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि मजबूत मनोबल के बिना आतंकवाद और नक्सलवाद पर काबू पाना संभव नहीं होता।

स्पीकर की टिप्पणी पर छाया हल्का माहौल
मंत्री के इस अंदाज पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए कहा, “उंगली मत उठाइए मंत्री जी, इधर बोलिए।” इस पर नित्यानंद राय ने भी मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “तो फिर हाथ नीचे रखना पड़ेगा न सर।” इस संवाद के बाद सदन में मौजूद कई सदस्य हंस पड़े और कुछ देर के लिए माहौल हल्का हो गया।

बजट सत्र बढ़ाने का फैसला
इसी बीच, संसद के मौजूदा बजट सत्र को भी आगे बढ़ाने का फैसला किया गया है। महिला आरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विधेयक को पारित कराने के उद्देश्य से अब लोकसभा और राज्यसभा की अगली बैठक 16 अप्रैल को होगी। सूत्रों के मुताबिक, 16 से 18 अप्रैल के बीच दोनों सदनों की तीन बैठकें प्रस्तावित हैं।

महिला आरक्षण से जुड़े संशोधन की तैयारी
सूत्रों के अनुसार, सरकार इस विस्तारित सत्र के दौरान ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ में संशोधन से संबंधित विधेयक पेश कर सकती है। यह संशोधन महिला आरक्षण को लागू करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

लोकसभा सीटों में बड़े बदलाव के संकेत
सरकार जिन प्रस्तावों पर मंथन कर रही है, उनके मुताबिक महिला आरक्षण लागू होने के साथ ही लोकसभा की कुल सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 816 की जा सकती है। इनमें 273 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रखने की योजना है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.