मिथुन चक्रवर्ती की तबीयत बिगड़ी, सीने में उठा तेज दर्द; पहुंचे अस्पताल

0 279

मुंबईः बॉलीवुड अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दिग्गज अभिनेता को शनिवार 10 फरवरी को कोलकाता (Kolkata) के प्राइवेट अस्पताल की आपातकालीन यूनिट में ले जाया गया. कथित तौर पर, अभिनेता की तबीयत ठीक नहीं थी, उन्हें सीने में तेज दर्द और बैचेनी की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. उनके स्वास्थ्य के संबंध में अभी अधिक जानकारी का इंतजार है. अभिनेता के अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद से ही फैंस उनकी सेहत ठीक होने की दुआएं मांग रहे हैं. फिलहाल अभिनेता के परिवार की ओर से उनके स्वास्थ्य पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है.

मिथुन चक्रवर्ती 73 वर्ष के हैं. शनिवार सुबह यानी आज करीब 10 बजे अभिनेता के सीने में तेज दर्द हुआ और साथ ही बेचैनी महसूस होने लगी. तबीयत बिगड़ने पर अभिनेता को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. फिलहाल दिग्गज अभिनेता की तबीयत कैसी है, इसे लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है. बता दें, हाल ही में मिथुन चक्रवर्ती को सिनेमा इंडस्ट्री में उनके योगदान के लिए देश प्रतिष्ठित पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया था.

अभिनेता ने अपने बेटे नमाशी के सोशल मीडिया के माध्यम से भी अपनी जीत पर प्रतिक्रिया व्यक्त की थी. सम्मान पर प्रतिक्रिया देते हुए मिथुन ने कहा- ‘बहुत खुशी, बहुत आनंद, सब कुछ मिलाकर एक ऐसी फीलिंग है जो मैं बयान नहीं कर सकता. बहुत तकलीफों के बाद जब इतना बड़ा सम्मान मिलता है तो उसकी फीलिंग ही कुछ और होती है.’

मिथुन चक्रवर्ती ने 1976 से इंडस्ट्री में अपनी शुरुआत की थी. अपने बेहतरीन करियर के चलते उन्हें नेशनल अवॉर्ड सहित कई सम्मान मिले हैं. हिंदी सिनेमा में मिथुन चक्रवर्ती डिस्को डांसर, जंग, प्रेम प्रतिज्ञा, प्यार झुकता नहीं और मर्द जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है.

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.