Monsoon Alert: मुंबई में मूसलाधार बारिश से जनजीवन बेहाल, कोंकण में ऑरेंज एलर्ट

0 228

मुंबई। देश की व्यावसायिक राजधानी मुंबई में गुरुवार देररात से हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन बेहाल हो गया है। मुंबई के कई निचले इलाकों में जलभराव से सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। मुंबई की लाइफलाइन लोकल सेवा की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है। मौसम विज्ञान विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अगले 24 घंटों में मुंबई, उपनगरों और कोंकण में मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने नागरिकों को अपने घरों से बाहर निकलते समय आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

बारिश से मीठी नदी में बाढ़ आ गई है। बांद्रा, कुर्ला ,सायन , अंधेरी, दादर आदि इलाकों में जलस्तर बढ़ गया है। दादर के हिंदमाता इलाके में जलभराव से इलाका झील में तब्दील हो गया है। वाहन चालकों और नागरिकों को काफी परेशानी हो रही है। पश्चिमी और पूर्वी उपनगरों के अंधेरी सब-वे, मिलन सब-वे, बांद्रा, पवई, शक्कर पंचायत वडाला, एसआईईएस कॉलेज वडाला, किंग्स सर्कल, सायन और अन्य निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। इससे सड़क यातायात बाधित है।

मुंबई नगर निगम जल निकासी में जुटा हुआ । बारिश के कारण लोकल ट्रेनें देरी से चल रही हैं। इसका असर मुंबई के कामकाजी वर्ग पर पड़ा है। लगभग एक महीने की देरी से महाराष्ट्र में बारिश हुई है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार चार से पांच दिनों में राज्य के सभी हिस्सों में मानसून सक्रिय हो जाएगा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.