MP News: भोपाल से भावरा के लिए बाइक राइडर्स को CM ने दिखाई हरी झंडी

0 573

भोपाल! मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा है कि आत्म-निर्भर भारत और आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण और सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक क्षेत्रों में बदलाव के लिए युवा अपने आपको कैसे समर्पित कर सकते हैं, इस पर विचार-विमर्श के उद्देश्य से 23 और 24 जुलाई को भोपाल में राज्य स्तरीय यूथ पंचायत आयोजित की गई है। अमर हुतात्मा चंद्रशेखर आजाद (Chandrashekhar Azad) की 116वीं जयंती पर होने वाली यह पंचायत प्रदेश की उन्नति का नया मार्ग प्रशस्त करेगी। अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के योगदान का स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए भोपाल से आजाद जन्म-स्थली भावरा तक बाइक रैली आरंभ की जा रही है। मुख्यमंत्री श्री चौहान स्मार्ट सिटी उद्यान भोपाल से भावरा के लिए बाइक रैली को फ्लेगऑफ से पहले संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बाइक राइडर्स पर पुष्प वर्षा कर उन्हें भावरा (अलीराजपुर) के लिए रवाना किया। बाइक रैली में 20 राइडर शामिल हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यूथ पंचायत में स्वर्णिम मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए क्या उपाय किए जा सकते हैं, इस संबंध में चिंतन-मंथन होगा। इससे जो विचार निकलेंगे उनका उपयोग आत्म-निर्भर भारत और आत्म- निर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, आजादी के अमृतकाल को देश निर्माण के स्वर्णिम अवसर में बदलना चाहते हैं। उनकी मंशा के अनुरूप ही यह कार्यक्रम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद का जन्म भावरा (अलीराजपुर) में हुआ। उन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। भोपाल से बाइक रैली विभिन्न जिलों के कई गाँवों से होते हुए भावरा (अलीराजपुर) पहुँचेगी। यह रैली अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्म-भूमि की मिट्टी लेकर भोपाल लौटेगी। उनकी जन्म-भूमि की माटी माथे पर लगाकर यूथ महापंचायत आरंभ होगी और माटी का कलश शौर्य स्मारक में रखा जाएगा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.