Myntra CEO Resignation: लखनऊ की नंदिता सिन्हा ने दिया इस्तीफा, IIT से पढ़ाई कर ई-कॉमर्स में बनाई खास पहचान

0 42

नई दिल्ली से ई-कॉमर्स और फैशन इंडस्ट्री से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। वॉलमार्ट के स्वामित्व वाले फ्लिपकार्ट ग्रुप की फैशन कंपनी मिंत्रा की मुख्य कार्यकारी अधिकारी और फ्लिपकार्ट फैशन की प्रमुख नंदिता सिन्हा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, वह आने वाले कुछ हफ्तों में कंपनी से औपचारिक रूप से विदा ले लेंगी।

नंदिता सिन्हा को भारतीय ई-कॉमर्स क्षेत्र की मजबूत और प्रभावशाली लीडर के रूप में देखा जाता है। उनके इस्तीफे ने इंडस्ट्री में हलचल बढ़ा दी है।

लखनऊ से निकलकर बनाई अलग पहचान

नंदिता सिन्हा का जन्म उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हुआ। उनका पारिवारिक माहौल शिक्षा और पेशेवर उत्कृष्टता से भरा रहा, जहां डॉक्टर और इंजीनियर जैसे पेशों का प्रभाव था। उनकी मां भौतिकी की शिक्षिका थीं, जिनकी वजह से नंदिता में तार्किक सोच और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण का विकास हुआ।

नंदिता को एक ऐसी लीडर माना जाता है जो उपभोक्ता की जरूरतों को समझने के साथ-साथ अनुशासन और रणनीति के बीच संतुलन बनाकर काम करती हैं।

IIT से पढ़ाई, FMS से MBA

नंदिता सिन्हा ने अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई आईआईटी बीएचयू (अब आईआईटी वाराणसी) से सिरेमिक इंजीनियरिंग में पूरी की। उस समय इस क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बेहद सीमित थी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज से मार्केटिंग और रणनीति में MBA किया।

करियर की शुरुआत से स्टार्टअप तक का अनुभव

उन्होंने अपने पेशेवर सफर की शुरुआत हिंदुस्तान यूनिलीवर में मैनेजमेंट ट्रेनी के तौर पर की। यहां उन्होंने फील्ड में काम करते हुए ग्रामीण बाजारों को करीब से समझा और उपभोक्ताओं से सीधा संवाद स्थापित किया।

इसके बाद वह ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज से जुड़ीं, जहां उन्होंने बड़े स्तर पर ब्रांडिंग और ऑपरेशन्स की जिम्मेदारियां संभालीं। कॉर्पोरेट अनुभव के बाद उन्होंने MyBabyCart नाम के एक ई-कॉमर्स स्टार्टअप की सह-स्थापना की। यह प्लेटफॉर्म बेबी और मैटरनिटी प्रोडक्ट्स पर केंद्रित था। हालांकि यह स्टार्टअप लंबा नहीं चल सका, लेकिन इससे उन्हें डिजिटल कॉमर्स, सप्लाई चेन और ग्राहक अधिग्रहण की गहरी समझ मिली।

फ्लिपकार्ट में 8 साल का अहम योगदान

नंदिता वर्ष 2013 में फ्लिपकार्ट से जुड़ीं और आठ साल से अधिक समय तक कंपनी में कई महत्वपूर्ण नेतृत्व भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने हेल्थ, ब्यूटी, FMCG, होम और फर्नीचर जैसी प्रमुख श्रेणियों का नेतृत्व किया। फ्लिपकार्ट की बड़ी सेल्स रणनीतियों और कैटेगरी विस्तार में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही।

मिंत्रा में बदली ब्रांड की पहचान

जनवरी 2022 में नंदिता सिन्हा ने मिंत्रा के CEO के रूप में कार्यभार संभाला। उनके नेतृत्व में मिंत्रा ने खुद को सिर्फ डिस्काउंट आधारित प्लेटफॉर्म से आगे बढ़ाकर एक ट्रेंडी फैशन डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित किया।

उनके कार्यकाल के दौरान मिंत्रा पर इंटरनेशनल ब्रांड्स की संख्या 280 से बढ़कर 421 से अधिक हो गई। कुल ब्रांड पोर्टफोलियो 6,000 के पार पहुंचा। ब्यूटी सेगमेंट कंपनी की सबसे तेजी से बढ़ने वाली श्रेणी बनकर उभरा। वित्त वर्ष 2023 में मिंत्रा का राजस्व 4,375.3 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

कौन संभालेगा अगली जिम्मेदारी?

नंदिता सिन्हा के अगले कदम को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। सूत्रों के अनुसार, फ्लिपकार्ट फैशन की प्रमुख और मिंत्रा की पूर्व मुख्य व्यवसाय अधिकारी शेरोन पेस को इस पद के लिए आगे बढ़ाया जा सकता है। हालांकि, कंपनी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और प्रवक्ता ने बाजार में चल रही अटकलों पर टिप्पणी करने से इनकार किया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.