गौतमबुद्धनगर, 10 मार्च 2026। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गौतमबुद्धनगर अतुल श्रीवास्तव ने मंगलवार को प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस वाहन के माध्यम से जनपद भर में लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जागरूक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण करा सकें।
14 मार्च को मुख्यालय और तहसील न्यायालयों में लगेगी लोक अदालत
माननीय जनपद न्यायाधीश ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 14 मार्च 2026, द्वितीय शनिवार को प्रातः 10 बजे से किया जाएगा। यह लोक अदालत जनपद मुख्यालय के साथ-साथ सभी तहसील न्यायालयों में भी आयोजित की जाएगी, जहां विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों का निस्तारण आपसी सहमति और समझौते के आधार पर किया जाएगा।
इन मामलों का होगा आपसी समझौते से निस्तारण
राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से मोटर दुर्घटना प्रतिकर अधिनियम से जुड़े मामले, वैवाहिक विवाद, भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम से संबंधित वाद, दीवानी मामले, एनआई एक्ट व ई-चालान से जुड़े प्रकरण, आर्बिट्रेशन के मामले, लघु शमनीय वाद, एनआई एक्ट की धारा 138 के मामले, विद्युत अधिनियम से जुड़े प्रकरण और भू-राजस्व से संबंधित वादों का निस्तारण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सेवा संबंधी विवाद, पेंशन के मामले, श्रम से जुड़े प्रकरण, प्री-लिटिगेशन स्तर पर बैंक ऋण से जुड़े मामले तथा विद्युत और बीएसएनएल के टेलीफोन बिल से संबंधित प्रकरणों का भी आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण संभव होगा।
जनपदवासियों से अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील
माननीय जनपद न्यायाधीश ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने लंबित मामलों के त्वरित और सुलभ निस्तारण के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिकाधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि इच्छुक व्यक्ति संबंधित न्यायालयों से संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के ईमेल dlsa.gbnnoida@gmail.com या कार्यालय के मोबाइल नंबर 9716535451 और 7678643985 पर संपर्क किया जा सकता है।
अधिकारियों की मौजूदगी में शुरू हुआ जागरूकता अभियान
इस अवसर पर पीठासीन अधिकारी एमएसीटी कोर्ट वत्सल श्रीवास्तव, अपर जिला जज-प्रथम सुनील कुमार, अपर जिला जज एवं विशेष न्यायाधीश पोक्सो विकास नागर, अपर जिला जज-षष्ठम प्रतिक्षा नागर, अपर जिला जज एवं विशेष न्यायाधीश पोक्सो-द्वितीय विजय कुमार हिमांशु, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवानी त्यागी, सिविल जज जूनियर डिवीजन अंकिता सिंह सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।