NDA Admit Card 2026: UPSC का सख्त अलर्ट, इन नियमों का पालन नहीं किया तो एग्जाम हॉल में नहीं मिलेगी एंट्री

0 20

नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग 12 अप्रैल 2026 को नेशनल डिफेंस एकेडमी और नेवल एकेडमी (I) परीक्षा का आयोजन करने जा रहा है। इस परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए जल्द ही एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि बिना एडमिट कार्ड के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

एडमिट कार्ड जारी होने के बाद उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट से इसे डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा में शामिल होने के लिए ई-एडमिट कार्ड के साथ एक वैध फोटो पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य होगा।

एडमिट कार्ड में गड़बड़ी पर तुरंत करें शिकायत
यूपीएससी ने उम्मीदवारों को निर्देश दिया है कि यदि एडमिट कार्ड पर फोटो स्पष्ट नहीं है या नाम और अन्य विवरण अधूरे हैं, तो अभ्यर्थी अपने साथ एक वैध फोटो आईडी और दो पासपोर्ट साइज फोटो लेकर जाएं। इन फोटो पर उम्मीदवार का नाम और तारीख अंकित होना चाहिए। प्रत्येक सत्र के लिए एक फोटो अनिवार्य होगी।

यदि ई-एडमिट कार्ड में किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है, तो इसकी सूचना तुरंत आयोग को निर्धारित ईमेल आईडी पर देनी होगी।

परीक्षा वाले दिन इन नियमों का रखें खास ध्यान
उम्मीदवारों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा, इसके बाद किसी को भी अंदर आने की अनुमति नहीं होगी।

सुबह की पाली की परीक्षा 10:00 बजे से और दोपहर की पाली की परीक्षा 2:00 बजे से शुरू होगी। अभ्यर्थियों को केवल उसी केंद्र पर परीक्षा देने की अनुमति होगी, जो उनके एडमिट कार्ड में उल्लेखित है।

एग्जाम हॉल में इन चीजों पर पूरी तरह प्रतिबंध
परीक्षा केंद्र के अंदर बैग, मोबाइल फोन, स्मार्ट या डिजिटल घड़ी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, किताबें और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाने की सख्त मनाही है। आयोग इन वस्तुओं को रखने की कोई व्यवस्था नहीं करेगा।

अभ्यर्थियों को केवल ई-एडमिट कार्ड, वैध पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और ओएमआर शीट भरने के लिए काला बॉलपॉइंट पेन ले जाने की अनुमति होगी। सामान्य घड़ी पहनकर परीक्षा देने की अनुमति है।

नियम तोड़ने पर हो सकती है सख्त कार्रवाई
आयोग ने चेतावनी दी है कि यदि कोई उम्मीदवार प्रतिबंधित वस्तुओं के साथ पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसमें उम्मीदवारी रद्द करने से लेकर एफआईआर दर्ज कराने तक की कार्रवाई शामिल हो सकती है।

जिन अभ्यर्थियों के नाम में बदलाव हुआ है, उन्हें अपने साथ ऐसा सरकारी पहचान पत्र लाना होगा, जिसमें नया नाम स्पष्ट रूप से दर्ज हो। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें, ताकि परीक्षा के दिन किसी भी परेशानी से बचा जा सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.