सीतापुर। लखनऊ वाया सिधौली-बहचाइच मार्ग पर आने-जाने वाले वाहनों के लिए बड़ी राहत मिलने वाली है। सिधौली-बिसवा मार्ग पर स्थित 50 साल पुराने संकरे हुसेनगंज नहर पुल का विस्तार करने के लिए सरकार ने 3 करोड़ 30 लाख रुपये मंजूर कर दिए हैं। नए पुल की लंबाई 30 मीटर और चौड़ाई 12 मीटर होगी, जबकि पुराने पुल की चौड़ाई केवल 5.5 मीटर है, जिससे अक्सर जाम लग जाता था।
माल परिवहन के लिए मार्ग होगा आसान
लखनऊ-बहराइच मार्ग औद्योगिक और माल परिवहन के लिए अहम है। बहराइच और आसपास के जिलों से बड़े ट्रक लखनऊ इसी मार्ग से जाते हैं। संकरे पुल और सीमित चौड़ाई के कारण पुल पर यातायात क्षमता से अधिक होता था, और एक साथ दो बड़े वाहन भी नहीं गुजर पाते थे। नए पुल के बनने से यातायात सुचारू होगा और जाम की समस्या दूर होगी।
बाक्स तकनीक से बनेगा पुल
लोक निर्माण विभाग पुल निर्माण में भरोसेमंद बाक्स तकनीक का इस्तेमाल करेगा। सहायक अभियंता मनोज कुमार ने बताया कि 30 मीटर लंबे पुल को 10-10 मीटर के तीन हिस्सों में बनाया जाएगा। बाक्स तकनीक से पुल अधिक स्थाई और मजबूत बनते हैं। निर्माण कार्य लगभग एक वर्ष में पूरा होने की संभावना है।
स्थानीय उद्योगों को होगा फायदा
तंबौर क्षेत्र में 50 से अधिक प्लाइवुड उद्योग हैं, जिनके उत्पाद इसी मार्ग से लखनऊ भेजे जाते हैं। पुराने संकरे पुल के कारण बड़े ट्रक नहीं गुजर पाते थे और माल छोटे ट्रकों के जरिए भेजना पड़ता था। नए पुल से बड़े ट्रक सीधे माल भेज सकेंगे, जिससे परिवहन लागत कम होगी और उत्पादों की प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी।
टेंडर प्रक्रिया शुरू
हुसेनगंज पुल निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिशासी अभियंता बुद्धि सागर सिंह के मुताबिक, पुल का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा और यह पूरे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण विकास कदम साबित होगा।