भारत-कनाडा रिश्तों में नई पहल, संपर्क अधिकारी नियुक्त करने पर बनी सहमति, डोभाल-कनाडाई NSA की अहम बैठक

0 39

नई दिल्ली। भारत और कनाडा के बीच सुरक्षा सहयोग को नई दिशा देने की कोशिशें तेज हो गई हैं। भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल और कनाडा के प्रधानमंत्री की राष्ट्रीय सुरक्षा एवं खुफिया सलाहकार नथाली ड्रोइन के बीच शनिवार को हुई अहम बैठक में दोनों देशों ने सुरक्षा और कानून-प्रवर्तन से जुड़े संपर्क अधिकारी नियुक्त करने पर सहमति जताई।

द्विपक्षीय संचार को मजबूत करने की दिशा में कदम
बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि दोनों देश अपने-अपने सुरक्षा एवं कानून-प्रवर्तन संपर्क अधिकारी नियुक्त करेंगे, ताकि आपसी संवाद को अधिक सुव्यवस्थित किया जा सके और साझा चिंता के मुद्दों पर समय पर जानकारी का आदान-प्रदान हो सके। अधिकारियों की नियुक्ति से ड्रग तस्करी, संगठित अपराध और सीमा पार अपराधों से जुड़े मामलों में समन्वय को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

ड्रग तस्करी और संगठित अपराध पर फोकस
दोनों पक्षों ने विशेष रूप से फेंटेनाइल प्रीकर्सर जैसे मादक पदार्थों के अवैध प्रवाह और अंतरराष्ट्रीय संगठित आपराधिक नेटवर्कों की गतिविधियों पर चिंता जताई। इस दिशा में संबंधित एजेंसियों के बीच कामकाजी रिश्तों को और प्रभावी बनाने पर सहमति बनी।

कामकाजी संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति
विदेश मंत्रालय के अनुसार, एनएसए डोभाल की दो दिवसीय कनाडा यात्रा के दौरान हुई इस बैठक में दोनों देशों ने अपने द्विपक्षीय कामकाजी संबंधों को मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की। यह मुलाकात भारत-कनाडा के बीच नियमित द्विपक्षीय सुरक्षा वार्ता का हिस्सा थी, जिसमें नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ी पहलों की प्रगति की समीक्षा की गई और राष्ट्रीय सुरक्षा व कानून-प्रवर्तन प्राथमिकताओं पर सहयोग के लिए एक साझा कार्ययोजना तय की गई।

साइबर सुरक्षा सहयोग को औपचारिक रूप देने पर जोर
चर्चा के दौरान दोनों देशों ने साइबर सुरक्षा नीति पर सहयोग को औपचारिक रूप देने और साइबर सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सूचनाओं के आदान-प्रदान की प्रतिबद्धता जताई। इसके साथ ही घरेलू कानूनों और अंतरराष्ट्रीय दायित्वों के अनुरूप धोखाधड़ी और आव्रजन प्रवर्तन से संबंधित मामलों में सहयोग जारी रखने पर भी सहमति बनी।

तनावपूर्ण रिश्तों के बाद सामान्यीकरण की कोशिश
इन कदमों को भारत और कनाडा के बीच संबंधों को सामान्य बनाने की दिशा में अहम प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। वर्ष 2023 में खालिस्तान समर्थक अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर दोनों देशों के बीच राजनयिक तनाव काफी बढ़ गया था। इसी पृष्ठभूमि में डोभाल की यह यात्रा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

अन्य उच्चस्तरीय बैठकों का भी दौर
नथाली ड्रोइन से मुलाकात के अलावा एनएसए अजीत डोभाल ने शुक्रवार को कनाडा के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री गैरी आनंदसंगरी के साथ भी बातचीत की थी। डोभाल की यह कनाडा यात्रा ऐसे समय हुई है, जब दोनों देश अगले महीने की शुरुआत में कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की प्रस्तावित भारत यात्रा की तैयारियों में जुटे हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.