काठमांडू: नेपाल में गुरुवार को हुए प्रतिनिधि सभा चुनाव के शुरुआती रुझानों ने देश की राजनीति में बड़ा संकेत दे दिया है। नई बनी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) ने अप्रत्याशित प्रदर्शन करते हुए शुरुआती गिनती में एक सीट पर जीत हासिल कर ली है और 36 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं पारंपरिक राजनीतिक दल काफी पीछे दिखाई दे रहे हैं। शुरुआती रुझानों के मुताबिक नेपाली कांग्रेस 5 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि CPN (UML) 3 सीटों और नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी 1 सीट पर बढ़त बनाए हुए है। फिलहाल 46 सीटों के नतीजों की गिनती जारी है। इस चुनाव में लगभग 60 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया और माना जा रहा है कि इसके नतीजे नेपाल की राजनीति की दिशा बदल सकते हैं।
जेन Z विरोध प्रदर्शनों के बाद पहला बड़ा चुनाव
नेपाल में यह चुनाव उस बड़े जनआंदोलन के बाद हो रहा है, जिसने पिछले साल देश की राजनीति को हिला दिया था। जेन Z के नेतृत्व में हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए थे। इसी आंदोलन के बाद केपी शर्मा ओली के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार गिर गई थी। काठमांडू-1 सीट पर RSP की उम्मीदवार रंजू दर्शना ने बड़े अंतर से जीत हासिल की है। पार्टी के केंद्रीय समिति सदस्य आरके ढुंगाना के अनुसार, रंजू दर्शना को 10 हजार से ज्यादा वोट मिले हैं, जो उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी नेपाली कांग्रेस के प्रबल थापा क्षेत्री से लगभग दोगुने हैं। हालांकि चुनाव आयोग ने अभी इस जीत की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
युवाओं के समर्थन से उभरी RSP
काठमांडू के पूर्व मेयर बालेन्द्र शाह, जिन्हें बालेन शाह के नाम से जाना जाता है, झापा-5 सीट पर पूर्व प्रधानमंत्री और CPN (UML) के अध्यक्ष केपी शर्मा ओली से आगे चल रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार RSP काठमांडू की सभी 10 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी की स्थापना साल 2022 में हुई थी और चुनाव प्रचार के दौरान इसे खास तौर पर युवाओं का मजबूत समर्थन मिला। बालेन शाह को पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री पद का प्रमुख चेहरा माना जा रहा है। दूसरी ओर नेपाली कांग्रेस और CPN (UML) वही दल हैं जो पिछले साल जेन Z आंदोलन के दौरान गिराई गई सरकार का हिस्सा थे। नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष गगन थापा को पार्टी ने प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया है, जबकि CPN (UML) ने केपी शर्मा ओली को अपना चेहरा घोषित किया है।
रात से शुरू हुई मतगणना, आज तक आने की उम्मीद
नेपाल में करीब 1.89 करोड़ मतदाताओं ने 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा के लिए मतदान किया। इनमें 165 सीटें सीधे मतदान प्रणाली यानी फर्स्ट पास्ट द पोस्ट के तहत तय होती हैं, जबकि 110 सीटें प्राप्त मतों के अनुपात के आधार पर बांटी जाती हैं। फर्स्ट पास्ट द पोस्ट सीटों के लिए 3400 से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि प्रोपोर्शनल प्रणाली के लिए 3135 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार मतगणना गुरुवार देर रात शुरू हुई और इसके शुक्रवार रात तक पूरा होने की उम्मीद है। फिलहाल शुरुआती रुझान स्पष्ट संकेत दे रहे हैं कि नई पार्टी RSP नेपाल की राजनीति में युवाओं की बदलाव की मांग को मजबूती से सामने ला रही है।