नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार की आज शुरुआत दबाव के साथ हो सकती है। गिफ्ट निफ्टी करीब 90 अंकों की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है, जबकि अमेरिकी फ्यूचर्स और एशियाई बाजारों से भी कमजोर संकेत मिल रहे हैं। ऐसे में निवेशकों की नजर आज रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की मौद्रिक नीति पर रहेगी, जिसका ऐलान सुबह 10 बजे किया जाएगा। इसके अलावा कई दिग्गज कंपनियों के तिमाही नतीजों पर भी बाजार की चाल निर्भर करेगी।
पिछले कारोबारी सत्र में बाजार रहा दबाव में
5 फरवरी को घरेलू शेयर बाजार में तेज गिरावट देखने को मिली थी। निफ्टी 133 अंकों की कमजोरी के साथ 25,642 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि सेंसेक्स करीब 500 अंकों की गिरावट के साथ क्लोज हुआ। लगातार बिकवाली के चलते निवेशकों का सेंटीमेंट फिलहाल सतर्क बना हुआ है।
अमेरिकी और एशियाई बाजारों से कमजोर संकेत
अमेरिकी शेयर बाजार में टेक शेयरों और क्रिप्टोकरेंसी में भारी बिकवाली देखने को मिली, जिसका असर एशियाई बाजारों पर भी पड़ा है। जापान के निक्केई को छोड़ दें तो ज्यादातर एशियाई बाजार लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। चांदी और बिटकॉइन की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, अमेरिका-ईरान वार्ता से जुड़े संकेतों के बीच कच्चे तेल की कीमतों में कमजोरी बनी हुई है।
आज इन शेयरों पर रहेगी खास नजर
आज के कारोबार में निवेशकों की नजर टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, हीरो मोटो कॉर्प, भारती एयरटेल, एलआईसी, बर्जर पेंट्स और रेल विकास निगम के शेयरों पर रहेगी। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीककल्स इस तिमाही में मुनाफे से घाटे में चली गई है। भारती एयरटेल का मुनाफा 55 फीसदी तक घटा है, जबकि हीरो मोटो कॉर्प का शुद्ध लाभ 12 फीसदी बढ़कर 1,348 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।
आज जारी होंगे इन कंपनियों के तिमाही नतीजे
6 फरवरी को टाटा स्टील, श्री सीमेंट, बीईएमएल, क्रॉम्पटन ग्रीव्स कंज्यूमर इलेक्ट्रिकल्स, गेटवे डिस्ट्रीपार्क्स, इंडियन रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (IREDA), जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज, कल्याण ज्वैलर्स इंडिया, लेमन ट्री होटल्स और शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया अपने तिमाही नतीजे जारी करेंगी। इन नतीजों के आधार पर चुनिंदा शेयरों में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।