बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा की सदस्यता की शपथ लेने वाले हैं। उनके साथ अन्य नए सदस्य भी शपथ लेंगे। सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार 9 अप्रैल को दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
बिहार में नई सरकार का गठन कब होगा?
राजनीतिक हलकों में सबसे बड़ा सवाल यह है कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा कब देंगे। उनके इस्तीफा देने के बाद ही बिहार में बीजेपी के नेतृत्व में नई सरकार बनने का रास्ता साफ होगा। अनुमान है कि 14 अप्रैल को खरमास समाप्त होने के बाद बिहार में नई सरकार का गठन होगा। जेडीयू सूत्रों के मुताबिक, राज्यसभा की शपथ लेने के तुरंत बाद नीतीश कुमार अगले दिन पटना जाकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं।
नीतीश कुमार को Z+ सुरक्षा जारी
मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद भी नीतीश कुमार की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। गृह विभाग की विशेष शाखा ने आदेश जारी किया है कि बिहार स्पेशल सिक्योरिटी एक्ट-2000 के तहत उन्हें Z+ श्रेणी की सुरक्षा मिलेगी। यह निर्णय उनकी राजनीतिक अहमियत और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।