नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा की शपथ लेंगे, 11 अप्रैल को पटना लौटकर एनडीए में नई सरकार गठन की कवायद शुरू

0 29

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। जदयू के सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री 9 अप्रैल की दोपहर दिल्ली के लिए रवाना होंगे और तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। शुक्रवार को शपथ ग्रहण के बाद शनिवार 11 अप्रैल को वह पटना वापस लौटेंगे। दिल्ली में प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से मुलाकात की संभावना भी जताई जा रही है।

पटना वापसी के बाद तेज होगी नई सरकार की तैयारियां
नीतीश कुमार के पटना लौटते ही बिहार में भाजपा के नेतृत्व में नई सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो जाएगी। एनडीए में पहले से यह तय है कि अगला मुख्यमंत्री भाजपा से होगा। जदयू की उपस्थिति भी बनी रहेगी और पार्टी को उप मुख्यमंत्री पद मिलेगा, जो इस बार पहली बार होगा।

शपथ लेने के बाद विधायकों को दी जाएगी जानकारी
राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार पटना लौटकर किसी दिन एनडीए विधानमंडल दल की बैठक बुला सकते हैं। इस बैठक में वह सीएम पद छोड़ने की आधिकारिक जानकारी विधायकों को देंगे और इसके बाद राज्यपाल को इस्तीफा सौंपेंगे। नई सरकार के गठन के लिए एनडीए के सभी घटक दलों की अलग-अलग बैठकें आयोजित होंगी, जिसमें नए नेता चुने जाएंगे। इसके बाद संयुक्त बैठक में एनडीए विधायक दल के नेता की घोषणा होगी और नई सरकार गठन का प्रस्ताव राज्यपाल को सौंपा जाएगा। चर्चा के अनुसार नई सरकार 15 अप्रैल के बाद अस्तित्व में आएगी।

मंत्रिमंडल की बैठक और महत्वपूर्ण फैसले
सीएम पद छोड़ने से पहले नीतीश कुमार की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक होने की संभावना है। इस बैठक में कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं, जो नई सरकार के लिए मार्गदर्शक होंगे।

बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर सस्पेंस बरकरार
भले ही नई सरकार का रोडमैप तय हो गया हो, लेकिन अगले मुख्यमंत्री का नाम अभी आधिकारिक रूप से घोषित नहीं हुआ है। चर्चा के अनुसार सम्राट चौधरी इस रेस में सबसे आगे हैं। मौजूदा उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने स्पष्ट कर दिया है कि वे इस पद की दौड़ में नहीं हैं, जिससे सम्राट चौधरी की राह आसान हो गई। वहीं, डिप्टी सीएम पद के लिए नीतीश कुमार के बेटे निशांत का नाम चर्चा में है। हालांकि, बीजेपी ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है और सभी निर्णय एनडीए की बैठक में तय होंगे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.