नोएडा क्षेत्र के उद्यमियों की लंबित समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर मंगलवार को नोएडा प्राधिकरण में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में नोएडा एंटरप्रिन्योर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी, निवेशक और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
उद्यमियों ने रखीं कई अहम मांगें
बैठक के दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष ने उद्यमियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। इनमें भूखंडों पर भेजे जाने वाले नोटिस की वापसी प्रक्रिया को सरल बनाने, यूनिफाइड नीति में रिश्तेदारों की सूची में पुत्रवधु का नाम शामिल करने, अंतरण शुल्क और समयवृद्धि शुल्क में कमी, परियोजना परिवर्तन की प्रक्रिया को आसान करने जैसी मांगें प्रमुख रहीं। इसके अलावा औद्योगिक सेक्टरों में बुनियादी सुविधाओं के विकास, कार्यशीलता की समयसीमा बढ़ाने, भू-भाटक को मूल आवंटन दर पर लेने और पशुचर भूमि से जुड़े तहसीली नोटिसों के निस्तारण की मांग भी उठाई गई।

प्राधिकरण ने दिए जल्द समाधान के संकेत
उद्यमियों की समस्याओं पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए भरोसा दिलाया कि वाणिज्यिक गतिविधियों से जुड़े नोटिसों की वापसी प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए प्रस्ताव आगामी बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। साथ ही यूनिफाइड नीति में बदलाव, परियोजना परिवर्तन की प्रक्रिया को आसान करने और शुल्क से जुड़े मुद्दों पर प्राधिकरण स्तर पर जल्द बैठक कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया गया।
अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश
बैठक के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों में वेंडिंग जोन और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए। अधिकारियों से कहा गया कि उद्यमियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उद्यमियों ने जताया आभार
बैठक के अंत में औद्योगिक संगठनों और उद्यमियों ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और समाधान के लिए पहल करने पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी का आभार व्यक्त किया।