Uttar Pradesh: शामली में देर रात एनकाउंटर, 90 से ज्यादा मामलों में वांटेड कुख्यात अपराधी रिहान अंसारी ढेर

0 160

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी रिहान अंसारी मारा गया। एनकाउंटर के दौरान दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिसमें शामली कोतवाली में तैनात सिपाही सुमित गोली लगने से घायल हो गया। रिहान पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

लूट की सूचना पर घेराबंदी, फायरिंग में घायल हुआ इनामी बदमाश
शामली एसपी एनपी सिंह के मुताबिक, पुलिस को देर रात सूचना मिली थी कि झिंझाना क्षेत्र से कसेरवा गांव की ओर बाइक सवार दो बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने इलाके में घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोलियों से दिल्ली निवासी इनामी बदमाश रिहान अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में तोड़ा दम, साथी फरार
मुठभेड़ के बाद घायल रिहान को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं उसका साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश के लिए पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

90 से ज्यादा संगीन मामलों में दर्ज था नाम
पुलिस के अनुसार, रिहान अंसारी के खिलाफ शामली के अलावा बागपत, गाजियाबाद, दिल्ली और हरियाणा में लूट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में 90 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। वह पिछले दस वर्षों से सक्रिय था और अपने गिरोह की कमान संभाल रहा था। रिहान के कुख्यात याहिया गैंग के संपर्क में होने की जानकारी भी सामने आई है।

हथियार, लूटा सामान और बाइक बरामद
एनकाउंटर स्थल से पुलिस ने रिहान के पास से 0.32 बोर की इटली निर्मित बरेटा पिस्टल, एक देशी .32 बोर पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, सात खोखे, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, लूटा गया मोबाइल फोन, दो अन्य मोबाइल, दो लूटी हुई अंगूठियां और नगदी बरामद की है।

हाल के दिनों में दूसरा बड़ा एनकाउंटर
गौरतलब है कि इससे पहले उत्तर प्रदेश में मंगलवार रात एसटीएफ ने एक लाख के इनामी शूटर बनारसी यादव को भी एनकाउंटर में ढेर किया था। लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.