लीजिए! इंतजार खत्म… 22 फरवरी को नमो भारत और मेरठ मेट्रो का शुभारंभ, PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी

0 25

मेरठ में बहुप्रतीक्षित नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो के शुभारंभ की घड़ी आखिरकार आ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी को दोनों सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसके लिए मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू टाउनशिप क्षेत्र को चुना गया है।

दिल्ली से मेरठ कनेक्टिविटी को मिलेगी रफ्तार

वर्तमान में नमो भारत ट्रेन मेरठ साउथ (भूड़बराल) से दिल्ली के न्यू अशोक नगर स्टेशन तक संचालित हो रही है। अब इसे दिल्ली के सराय काले खां और मेरठ के शेष तीन स्टेशनों तक विस्तार दिया जाएगा। इसी कॉरिडोर पर मेरठ मेट्रो भी संचालित होगी, जो सभी 13 स्टेशनों पर रुकेगी। कुल 82 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में मेरठ शहर के भीतर 23 किलोमीटर हिस्से पर मेट्रो का संचालन होगा। नमो भारत की अधिकतम गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित है, जबकि मेरठ मेट्रो 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ेगी।

सुरक्षा मंजूरी पहले ही मिल चुकी, स्टेशन तैयार

नमो भारत और मेट्रो को मोदीपुरम स्टेशन तक चलाने के लिए आवश्यक सुरक्षा स्वीकृति पहले ही प्राप्त हो चुकी है। यात्रियों के लिए प्रवेश और निकास द्वार तैयार हैं। तीनों भूमिगत स्टेशन भी पूरी तरह तैयार बताए जा रहे हैं। हालांकि मोदीपुरम डिपो स्टेशन और डिपो का निर्माण कार्य अभी जारी है, जिसके पूरा होने में कुछ समय लगेगा। शुरुआती सात-आठ महीनों तक मेट्रो का संचालन दुहाई डिपो से किया जाएगा। फिलहाल नमो भारत का संचालन भी दुहाई डिपो से ही हो रहा है, जबकि मोदीपुरम डिपो विशेष रूप से मेट्रो संचालन के लिए विकसित किया जा रहा है।

एनसीआरटीसी और प्रशासन ने किया निरीक्षण

शुभारंभ से पहले तैयारियों का जायजा लेने के लिए एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल, जिलाधिकारी विजय कुमार सिंह, मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय मीना और एसएसपी अविनाश पांडेय ने बुधवार को मेरठ साउथ स्टेशन से शताब्दी नगर स्टेशन तक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को परखा और संचालन से पहले सभी इंतजाम दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.