नवरात्रि के पहले दिन मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, मंदिरों में गूंज रहे जयकारे

0 109
Shardiya Navratri 2025: शारदीय नवरात्रि का पावन पर्व सोमवार से शुरू हो गया। नौ दिनों तक चलने वाले इस पर्व में देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। पहले दिन भक्तों ने कलश स्थापना कर देवी शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की। नवरात्रि के प्रत्येक दिन का विशेष महत्व होता है।

Shardiya Navratri 2025: मंदिरों में गूंज रहे जयकारे 

नवरात्रि के पहले दिन राजधानी दिल्ली स्थित प्रसिद्ध झंडेवालान देवी मंदिर समेत देशभर के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिल रही है। सुबह 5 बजे से ही झंडेवालान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। पूरा मंदिर प्रांगण “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। मंदिर प्रशासन और स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की है। स्वयंसेवक लगातार यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो।

 दिल्ली के अधिकांश मंदिरों में सुबह लगी भीड़

देवी मां के दर्शन करने मंदिर आई एक महिला श्रद्धालु ने बताया, “आज नवरात्रि का पहला दिन है। सबसे पहले, मैं सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं देना चाहती हूं। मैं बचपन से यहां आती रही हूं। देवी माँ के दरबार में आने से मन को शांति मिलती है। सच्चे मन से की गई हर मनोकामना पूरी होती है।” एक अन्य श्रद्धालु आभा रोशन ने कहा, “मैं हर साल की तरह इस बार भी यहां आई हूं। मंदिर की व्यवस्थाएं बेहतरीन हैं। यहां आकर आध्यात्मिक शांति मिलती है।”

एक अन्य श्रद्धालु ने कहा कि देवी माँ में उनकी आस्था उन्हें हर साल नवरात्रि के दौरान यहां खींच लाती है। उन्होंने कहा कि वह पूरे नौ दिनों तक प्रतिदिन मंदिर में दर्शन के लिए जाएंगी। राजधानी दिल्ली में ही नहीं, बल्कि अन्य मंदिरों में भी विशेष आयोजन हो रहे हैं। दिल्ली के अधिकांश मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.