सीएम योगी के निर्देश पर गौतमबुद्धनगर में स्वास्थ्य महाभियान तेज, 25 स्थानों पर मेडिकल कैंप, जिलाधिकारी ने सूरजपुर कैंप का किया निरीक्षण

0 24

गौतमबुद्धनगर। प्रदेश सरकार द्वारा श्रमिक कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दिए जाने के क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों पर गौतमबुद्धनगर में बड़े स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया गया है। इसी कड़ी में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग, निजी अस्पतालों और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से जनपद के 25 स्थानों पर व्यापक मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रमिकों ने पहुंचकर निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण, श्रमिकों से लिया फीडबैक

जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर ने अंबेडकर भवन, सूरजपुर स्थित मेडिकल कैंप का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों से सीधे संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं का फीडबैक लिया। श्रमिकों ने इस पहल पर संतोष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया।

जिलाधिकारी ने कहा कि इसी तरह के मेडिकल कैंप आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे ताकि श्रमिकों को उनके कार्यस्थल के निकट ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में पहुंचकर निशुल्क सेवाओं का लाभ उठाएं।

महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं

जिलाधिकारी ने बताया कि मेडिकल कैंपों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें महिलाओं के लिए मैमोग्राफी और ब्रेस्ट स्कैनिंग, दंत चिकित्सा, एक्स-रे, आंखों की जांच, मोतियाबिंद के निशुल्क ऑपरेशन और मुफ्त चश्मा वितरण जैसी सेवाएं शामिल हैं।

इसके अलावा बच्चों के लिए पीडियाट्रिक सेवाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिसमें आवश्यक जांच और उपचार के साथ चश्मा वितरण की सुविधा भी दी जा रही है।

25 स्थानों पर लगे कैंप, हजारों श्रमिकों को मिला लाभ

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि सूरजपुर कैंप सहित जिले के विभिन्न श्रमिक बहुल क्षेत्रों जैसे सेक्टर-16 झुग्गी, सलारपुर, भंगेल, छलेरा, ककराला, कुलेसरा और अन्य क्षेत्रों में मेडिकल कैंप लगाए गए। इन कैंपों में हजारों महिला एवं पुरुष श्रमिकों की जांच कर उन्हें निशुल्क दवाएं और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।

विभिन्न संस्थाओं ने निभाई अहम भूमिका

अभियान के तहत कई संस्थाओं ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डेवलपमेंट कंसोर्टियम द्वारा टीबी, एचआईवी और कैंसर जैसी बीमारियों की स्क्रीनिंग की गई। शारदा हॉस्पिटल ने दंत एवं स्त्री रोग जांच की सुविधा दी, जबकि आईकेयर टीम द्वारा सैकड़ों लोगों की नेत्र जांच कर निशुल्क चश्मे वितरित किए गए।

इसके अलावा मानस हॉस्पिटल फाउंडेशन ने आयुष्मान कार्ड बनाए, जिससे लाभार्थियों को भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

1 मई को होगा विशेष स्वास्थ्य महाभियान

जिला प्रशासन ने बताया कि 1 मई को गौतमबुद्धनगर में विशेष स्वास्थ्य महाभियान चलाया जाएगा। इस दौरान 201 मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे और सभी सरकारी तथा 22 निजी अस्पतालों में पूरे दिन श्रमिकों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच और उपचार की व्यवस्था की जाएगी।

इस व्यापक अभियान का उद्देश्य श्रमिक वर्ग को उनके कार्यस्थल के निकट ही गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें समय पर जांच और उपचार मिल सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.