धुरंधर 2 में छोटे रोल के लिए 1 करोड़ की फीस की खबरों पर बोले विवेक सिन्हा, कहा- ‘भाई, इतना पैसा नहीं मिला… सब गलत है’

0 27

फिल्म धुरंधर और उसके सीक्वल धुरंधर 2 से निर्देशक आदित्य धर ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की है। इन फिल्मों की खास बात यह रही कि मुख्य कलाकारों के साथ-साथ छोटे और सहायक किरदार निभाने वाले कलाकारों को भी दर्शकों ने खूब सराहा। इसी बीच फिल्म के एक साइड रोल को लेकर चर्चा तेज हो गई थी, जिसमें अभिनेता विवेक सिन्हा को लेकर दावा किया गया कि उन्हें एक छोटे से रोल के लिए 1 करोड़ रुपये फीस मिली है। अब इस पूरे मामले पर खुद अभिनेता ने सामने आकर सच्चाई बताई है।

फीस को लेकर विवेक सिन्हा का साफ जवाब

विवेक सिन्हा ने सोशल मीडिया के जरिए इन खबरों को सिरे से खारिज करते हुए लिखा, ‘भाई, इतना पैसा नहीं मिला है, कसम से। ये सब मत फैलाइए।’ उन्होंने आगे बताया कि इस तरह की खबरों के बाद उन्हें लगातार मैसेज आ रहे हैं, जिसमें लोग उनसे आर्थिक मदद तक मांगने लगे हैं।

‘अच्छा पैसा मिला, लेकिन 1 करोड़ नहीं’

विवेक ने अपनी पोस्ट में यह भी साफ किया कि उन्हें फिल्म से अच्छा मेहनताना जरूर मिला, लेकिन जितनी रकम की चर्चा हो रही है, उतनी नहीं। उन्होंने लिखा, ‘मुझे धुरंधर से पैसा मिला, अच्छा पैसा मिला, जितनी उम्मीद थी उतना मिला। लेकिन 1 करोड़ जैसी कोई बात नहीं है। और जो भी पैसा मिला था, वह अब खत्म हो चुका है। मुंबई में रहना आसान नहीं है, यहां खर्चे बहुत हैं।’

डायलॉग पर विवाद, सोशल मीडिया पर झेलनी पड़ी आलोचना

फिल्म में विवेक सिन्हा के एक डायलॉग ने भी काफी विवाद खड़ा किया था। उनके किरदार के एक संवाद को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी और उन्हें ट्रोल किया गया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए विवेक ने पहले भी कहा था कि कुछ लोग उन्हें आतंकवादी तक कह रहे हैं और देश छोड़ने की सलाह दे रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया था कि वह भारत के ही निवासी हैं और उनका संबंध बिजनौर से है, फिलहाल मुंबई में रह रहे हैं। साथ ही उन्होंने लोगों की देशभक्ति की भावना की सराहना भी की थी।

धुरंधर 2 की स्टार कास्ट और कहानी

धुरंधर 2 में कई बड़े कलाकार नजर आए हैं। फिल्म में रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर माधवन, सारा अर्जुन, राकेश बेदी, गौरव गेरा और दानिश पंदौर जैसे कलाकार शामिल हैं। कहानी एक ऐसे जासूस के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पाकिस्तान में रहकर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ता है। रणवीर सिंह ने इस फिल्म में जसकिरत सिंह का किरदार निभाया है।

बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर 2 का जलवा कायम

फिल्म के कलेक्शन की बात करें तो धुरंधर 2 लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है। गुरुवार को फिल्म ने 8.56 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 1,255.23 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं ओवरसीज मार्केट में 410 करोड़ और वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1,665.23 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.