दिल्ली में एक रात के होटल रूम का किराया 5 लाख तक पहुंचा, India AI Impact Summit से लग्जरी होटलों में हड़कंप
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में होने वाले India AI Impact Summit 2026 से पहले होटल इंडस्ट्री में अभूतपूर्व उछाल देखने को मिल रहा है। समिट की वजह से दिल्ली के पांच सितारा और लग्जरी होटलों में कमरों की भारी मांग है और कई जगह एक रात का किराया 4 से 5 लाख रुपये तक पहुंच चुका है। हालात यह हैं कि समिट की तारीखों में बड़े होटल लगभग फुल बुक हो चुके हैं।
यह वैश्विक AI समिट 16 से 20 फरवरी के बीच भारत मंडपम में आयोजित की जाएगी, जिसमें दुनिया भर से विदेशी प्रतिनिधि, टेक्नोलॉजी लीडर्स, नीति निर्माता और सरकारी अधिकारी शामिल होंगे। इसी कारण दिल्ली-एनसीआर के प्रीमियम होटलों में रुकना आम लोगों की पहुंच से बाहर होता नजर आ रहा है।
सामान्य दरों से कई गुना महंगे हो गए कमरे
आमतौर पर जिन होटलों में 20 से 40 हजार रुपये प्रति रात में कमरे मिल जाते हैं, वही कमरे अब समिट के दौरान कई गुना महंगे दामों पर उपलब्ध हैं। ट्रैवल वेबसाइट्स के अनुसार 19 और 20 फरवरी को पीक डेट्स के दौरान कई होटलों में कमरे लाखों रुपये प्रति रात में लिस्ट किए गए हैं।
ट्रैवल पोर्टल Ixigo के सीईओ अलोके बाजपेयी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि India AI Impact Summit के चलते दिल्ली एनसीआर के कई 5-स्टार होटलों में कमरों की कीमत 1 लाख रुपये प्रति रात से ऊपर चली गई है।
लग्जरी होटलों में रिकॉर्ड डिमांड
रिपोर्ट्स के मुताबिक The Leela Palace, ITC Maurya और Taj Palace जैसे दिल्ली के प्रमुख लक्जरी होटलों ने समिट अवधि के लिए अपने रूम टैरिफ में भारी इजाफा किया है। कई हाई-एंड सुइट्स और क्लब रूम्स या तो लाखों रुपये में बिक रहे हैं या फिर न्यूनतम ठहराव की शर्तों के साथ उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
सेंट्रल दिल्ली के The Imperial, Shangri-La Eros और The Park Hotel 18 से 20 फरवरी के बीच लगभग पूरी तरह बुक हो चुके हैं। Ixigo के आंकड़ों के अनुसार The Imperial में 17 फरवरी के लिए एक कमरे का किराया 2.4 लाख रुपये से अधिक दर्ज किया गया है, जबकि Radisson Blu उसी तारीख के लिए करीब 1.1 लाख रुपये प्रति रात वसूल रहा है।
क्यों इतना खास है India AI Impact Summit
India AI Impact Summit को अब तक आयोजित वैश्विक AI सम्मेलनों में सबसे बड़ा बताया जा रहा है। इस समिट में 100 से अधिक देशों की भागीदारी होगी। इसमें 15 से 20 राष्ट्राध्यक्ष या सरकार प्रमुख, 50 से ज्यादा मंत्री, 40 से अधिक वैश्विक और भारतीय कंपनियां और करीब 500 प्रमुख AI विशेषज्ञ, शोधकर्ता और CTOs शामिल होंगे।
इस मेगा इवेंट की घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस में आयोजित AI Action Summit के दौरान की थी। यह Global South में आयोजित होने वाला पहला वैश्विक AI समिट होगा, जिसे भारत के लिए बड़ी कूटनीतिक और तकनीकी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
होटल और ट्रैवल इंडस्ट्री को बड़ा फायदा
इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स के मुताबिक इस समिट से दिल्ली की होटल, ट्रैवल और सर्विस सेक्टर को जबरदस्त आर्थिक लाभ हो रहा है। हालांकि इसका असर आम यात्रियों और घरेलू पर्यटकों पर पड़ रहा है, जिनके लिए इस दौरान दिल्ली में ठहरना बेहद महंगा साबित हो रहा है।