पाकिस्तान-अफगानिस्तान तनाव बढ़ा: तालिबान का पलटवार, इस्लामाबाद एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला; कई सैनिकों के मारे जाने का दावा

0 28

इस्लामाबाद: मध्य-पूर्व में चल रहे तनाव के बीच पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच टकराव का नया मोर्चा खुल गया है। पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान के कई इलाकों में एयर स्ट्राइक किए जाने के बाद तालिबान ने पलटवार करते हुए पाकिस्तान के कई ठिकानों को निशाना बनाया है। ताजा घटनाक्रम में इस्लामाबाद एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला किए जाने की खबर सामने आई है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।

पाकिस्तान ने काबुल और कंधार में की एयर स्ट्राइक

जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान एयरफोर्स ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल, कंधार, पकटिया और पकटिका में एयर स्ट्राइक की। कंधार शहर में तालिबान के अल-बद्र कोर के मुख्यालय को भी निशाना बनाया गया। बताया जा रहा है कि हमले के समय वहां तालिबान के वरिष्ठ कमांडर मौजूद थे।

पाकिस्तान का कहना है कि उसने इन हमलों में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के ठिकानों को निशाना बनाया, लेकिन अफगानिस्तान की ओर से इसे अलग तरह से देखा जा रहा है और इसे सीधा हमला बताया जा रहा है।

इस्लामाबाद एयरपोर्ट पर ड्रोन अटैक, उड़ानें रोकी गईं

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अफगानिस्तान में कंधार के अहमद शाह बाबा एयरपोर्ट के पास भी धमाका हुआ और एक निजी कंपनी काम एयर की तेल रिफाइनरी को भी निशाना बनाया गया। इसके बाद अफगानिस्तान की सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान पर हमला किया।

शुक्रवार को इस्लामाबाद एयरपोर्ट पर ड्रोन अटैक किया गया, जिसके बाद कुछ समय के लिए विमान सेवाएं रोकनी पड़ीं। हालात को देखते हुए पाकिस्तानी एयरफोर्स के फाइटर जेट्स को भी उड़ान भरनी पड़ी ताकि आगे किसी हमले को रोका जा सके।

तालिबान ने इस्लामाबाद के फैजाबाद इलाके में स्थित बड़े सैन्य ठिकाने हमजा स्टेशन को भी निशाना बनाया। इन हमलों में पाकिस्तान को नुकसान होने की खबरें सामने आई हैं।

तालिबान का दावा – कई पाकिस्तानी सैनिक मारे गए

अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय का दावा है कि जवाबी हमलों में पाकिस्तान के कई सैनिक मारे गए हैं। पेशावर में भी ड्रोन हमले किए गए, जहां पाकिस्तानी सेना के कोहाट सेंट्रल कमांड और कोहाट ब्रिगेड कैंप को निशाना बनाया गया।

अफगानिस्तान के मुताबिक इन हमलों में पाकिस्तान के दर्जनों सैनिक मारे गए और एक दर्जन से ज्यादा सैन्य चौकियां तबाह हो गईं। बताया जा रहा है कि पेशावर से लेकर रावलपिंडी तक सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।

हवाई हमलों में आम नागरिक भी प्रभावित

दूसरी ओर अफगानिस्तान में यह भी कहा जा रहा है कि पाकिस्तान के हमलों में आम नागरिकों के घर भी तबाह हुए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि टीटीपी के खिलाफ कार्रवाई के नाम पर निर्दोष नागरिकों को नुकसान पहुंच रहा है।

एक अफगान नागरिक ने बताया कि हवाई हमले के बाद उसका घर ढह गया। उसने कहा कि उसका छोटा भाई मलबे में घायल पड़ा था। काफी कोशिश के बाद उसे होश आया और दोनों ने मिलकर मलबे में फंसे परिवार के अन्य सदस्यों को बाहर निकाला। बाद में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.