पैरा तीरंदाज शीतल देवी का नया कीर्तिमान, सक्षम तीरंदाजों की टीम में बनाई जगह; एशिया कप में लेंगी हिस्सा

0 4,449

नई दिल्ली: जन्म से ही भुजाहीन पैरा तीरंदाज शीतल देवी ने गुरुवार को एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। पेरिस पैरालंपिक की कांस्य पदक विजेता और विश्व कंपाउंड चैंपियन शीतल को जेद्दा में होने वाले आगामी एशिया कप चरण तीन के लिए भारत की सक्षम (Able-bodied) जूनियर टीम में चुना गया है। यह पहली बार है जब शीतल किसी सक्षम अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में शामिल हुई हैं।

यह चयन सोनीपत में आयोजित चार दिवसीय राष्ट्रीय चयन ट्रायल के आधार पर हुआ। जम्मू-कश्मीर की 18 वर्षीय इस तीरंदाज ने देश भर के 60 से ज्यादा सक्षम तीरंदाजों के बीच समान परिस्थितियों में प्रतिस्पर्धा करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। शीतल ने क्वालिफिकेशन दौर में 703 अंक (पहले दौर में 352 और दूसरे दौर में 351) हासिल किए, जो शीर्ष क्वालीफायर तेजल साल्वे के कुल स्कोर के बराबर था। फाइनल रैंकिंग में, तेजल (15.75 अंक) और वैदेही जाधव (15 अंक) ने शीर्ष दो स्थान हासिल किए, जबकि शीतल ने 11.75 अंक के साथ तीसरा स्थान पक्का किया।

टीम की घोषणा के बाद शीतल ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, “जब मैंने प्रतिस्पर्धा शुरू की थी तो मेरा एक छोटा सा सपना एक दिन सक्षम तीरंदाजों के साथ प्रतिस्पर्धा करना था। शुरुआत में मैं इसमें सफल नहीं हो पाई, लेकिन मैं हर असफलता से सीखते हुए आगे बढ़ती रही। आज वह सपना एक कदम और करीब आ गया है।”

पेरिस पैरालंपिक 2024 में मिश्रित टीम कंपाउंड स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली शीतल, तुर्की की पैरालंपिक चैंपियन ओजनूर क्यूर गिर्डी से प्रेरणा लेती हैं, जो विश्व स्तर पर सक्षम तीरंदाजों की स्पर्धाओं में भी भाग लेती हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.