‘फ्री में मिलेगा पेट्रोल’ सुनकर भारी बारिश में घंटों लाइन में लगे लोग, पंप पहुंचे तो नहीं मिला ईंधन; अब नई तारीख का दावा
चंडीगढ़: सोशल मीडिया पर वायरल ‘पेट्रोल लंगर’ के ऐलान के बाद बुधवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-10 स्थित पेट्रोल पंप पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। भारी बारिश के बीच वाहन मालिक घंटों तक पेट्रोल मिलने का इंतजार करते रहे, लेकिन उन्हें मुफ्त पेट्रोल नहीं मिला। कई लोग इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो देखकर यहां पहुंचे थे। बाद में लोगों को वापस लौटने के लिए कहा गया और शनिवार या रविवार को आने की बात बताई गई।
इंस्टाग्राम वीडियो देखकर पेट्रोल लेने पहुंची महिला
मौके पर पहुंची बेबी नाम की महिला ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर ‘पेट्रोल लंगर’ से जुड़ा वीडियो देखा था। इसके बाद वह मुफ्त पेट्रोल लेने के लिए सेक्टर-10 पहुंचीं। महिला के मुताबिक, पेट्रोल पंप के अटेंडेंट ने पेट्रोल देने से मना कर दिया और कहा कि उनके पास मुफ्त पेट्रोल बांटने की अनुमति नहीं है।
महिला ने बताया कि कुछ लोगों को टोकन भी दिए गए थे, लेकिन उनकी संख्या काफी कम थी। उनके मुताबिक करीब 10 से 15 लोगों को ही टोकन दिए गए और बाकी लोग इंतजार करते रहे, लेकिन उन्हें पेट्रोल नहीं मिला।
दो घंटे तक बारिश में खड़ा रहा युवक
अंशू नाम के एक व्यक्ति ने बताया कि वह करीब दो घंटे से पेट्रोल पंप पर मौजूद थे। लगातार तेज बारिश के बावजूद लोग मुफ्त पेट्रोल मिलने की उम्मीद में वहां खड़े रहे। उन्होंने बताया कि बाद में लोगों को वापस जाने के लिए कहा गया और शनिवार या रविवार को आने की बात कही गई।
अंशू ने कहा कि जब किसी ने कुछ देने की बात कही है तो बाद में अपनी बात से पीछे हटना ठीक नहीं है। उनके मुताबिक लोग उम्मीद लेकर वहां पहुंचे थे, लेकिन अंत में उन्हें कुछ नहीं मिला।
क्या था ‘पेट्रोल लंगर’ का ऐलान?
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर चंडीगढ़ में ‘पेट्रोल लंगर’ आयोजित किए जाने की चर्चा थी। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति इस आयोजन की घोषणा करता नजर आया था। वीडियो में दावा किया गया था कि ‘जय माता दी’ का नाम लेने वाले लोगों को मुफ्त पेट्रोल के कूपन दिए जाएंगे।
पहले सामने आई जानकारी के अनुसार दोपहिया वाहन मालिकों को 500 रुपये और चारपहिया वाहन मालिकों को 1,000 रुपये तक के पेट्रोल के कूपन देने की बात कही गई थी। सोशल मीडिया पर यह भी दावा किया गया था कि यह आयोजन सेक्टर-7 और सेक्टर-10 के पेट्रोल पंपों पर किया जाएगा।
हालांकि, भारी बारिश के कारण आयोजन टाले जाने की बात भी सोशल मीडिया वीडियो में कही गई थी। इसके बाद इसे सेक्टर-10 में शुक्रवार को आयोजित करने का दावा सामने आया।
पेट्रोल पंपों ने आयोजन से किया किनारा
इस पूरे मामले में सेक्टर-7 और सेक्टर-10 के जिन पेट्रोल पंपों के नाम ‘पेट्रोल लंगर’ से जोड़े जा रहे थे, उनके प्रतिनिधियों ने आयोजन से खुद को अलग बताया है। पेट्रोल पंप प्रतिनिधियों के अनुसार उनका कारोबार सामान्य खुदरा बिक्री का है और भुगतान करने वाले ग्राहकों को ही पेट्रोल दिया जाता है।
पेट्रोल पंप प्रतिनिधियों ने किसी तरह की कूपन व्यवस्था या संबंधित व्यक्ति के साथ मुफ्त पेट्रोल बांटने की किसी व्यवस्था से भी इनकार किया है।
पहले भी सामने आया था ‘मनी लंगर’ का दावा
चंडीगढ़ में इस तरह का मामला पहली बार सामने नहीं आया है। अगस्त की शुरुआत में मनीमाजरा स्थित शनि देव मंदिर में ‘मनी लंगर’ की पहल की खबर सामने आई थी। इसमें जरूरतमंद लोगों को भोजन के साथ नकद सहायता देने का दावा किया गया था।
आयोजन से जुड़े लोगों की ओर से आगे पेट्रोल लंगर आयोजित किए जाने की संभावना भी जताई गई थी।