देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में एक बार फिर तेजी आ गई है। निजी क्षेत्र की बड़ी कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल के दाम ₹5.30 प्रति लीटर और डीजल ₹3 प्रति लीटर तक बढ़ा दिए हैं। इस बढ़ोतरी के पीछे वैश्विक कारण बताए जा रहे हैं, खासकर पश्चिम एशिया में ईरान-अमेरिका तनाव के चलते ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है।
वैश्विक सप्लाई चेन पर असर
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और तेल से जुड़े ठिकानों पर हमलों के कारण वैश्विक सप्लाई चेन प्रभावित हो रही है। खासकर Strait of Hormuz जैसे अहम समुद्री मार्ग पर दबाव बढ़ने से कच्चे तेल की आवाजाही प्रभावित हुई है। इसका असर भारत जैसे आयात-निर्भर देशों पर भी देखने को मिल रहा है, जिससे पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।
पेट्रोल के दाम: शहरों में कितना हुआ महंगा
हैदराबाद में पेट्रोल ₹107.46 प्रति लीटर के साथ सबसे महंगा बिक रहा है, जबकि कोलकाता और मुंबई में भी कीमतें ₹100 के पार पहुंच चुकी हैं। बेंगलुरु, चेन्नई और भुवनेश्वर जैसे शहरों में भी कीमतें लगातार ऊंची बनी हुई हैं। एनसीआर में गुड़गांव और नोएडा में कीमतें थोड़ी कम हैं, लेकिन यहां भी तेजी का असर साफ दिख रहा है।
शहर – कीमत (₹ प्रति लीटर)
हैदराबाद – 107.46
कोलकाता – 105.41
मुंबई – 103.54
बेंगलुरु – 102.92
भुवनेश्वर – 101.19
चेन्नई – 100.80
गुरुग्राम – 95.57
नोएडा – 95.16
डीजल के दाम और असर
डीजल की कीमतें भी लगातार बढ़ रही हैं। हैदराबाद में डीजल ₹95.70 प्रति लीटर तक पहुंच गया है, जो देश के बड़े शहरों में सबसे ज्यादा है। चेन्नई, कोलकाता और मुंबई में डीजल ₹90 के आसपास या उससे ऊपर है। इससे ट्रांसपोर्ट और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी असर पड़ने की संभावना है।
शहर – कीमत (₹ प्रति लीटर)
हैदराबाद – 95.70
भुवनेश्वर – 92.77
चेन्नई – 92.39
कोलकाता – 92.02
बेंगलुरु – 90.99
मुंबई – 90.03
नोएडा – 88.31
गुरुग्राम – 88.03
लोगों में पैनिक बाइंग की स्थिति
पेट्रोल-डीजल की संभावित कमी की खबरों के बीच कुछ राज्यों में लोग घबराकर पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों में लग गए हैं। खासकर असम के गुवाहाटी और आसपास के इलाकों में पैनिक बाइंग देखने को मिली। हालांकि सरकार ने साफ किया है कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और सप्लाई सामान्य बनी हुई है।