यूपी में पीएम आवास योजना 2.0: योगी ने 92,098 लाभार्थियों के खाते में ट्रांसफर की पहली किस्त, मकान के साथ मुफ्त बिजली, जल और सस्ता सामान भी मिलेगा

0 23

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रदेश के 92,098 शहरी लाभार्थियों के बैंक खातों में ‘प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0’ के तहत आवास निर्माण की पहली किस्त के रूप में 900 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में सीएम योगी ने इस अवसर पर लाभार्थियों को मकान निर्माण की प्रक्रिया और साथ मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।

घर के निर्माण में मुफ्त सुविधाएं और सस्ता सामान

सीएम योगी ने निर्देश दिए कि पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को घर बनाने के लिए सस्ते और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सामग्री उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही मकान में शौचालय का निर्माण अनिवार्य होगा। लाभार्थियों को बिजली का कनेक्शन मुफ्त मिलेगा और नल से जल सुविधा का भी लाभ उन्हें सुनिश्चित किया जाएगा।

75 प्रतिशत निर्माण पूरा होने पर मांगी जा सकेगी अगली किस्त

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब मकान का 75 प्रतिशत काम पूरा हो जाए तो लाभार्थी दूसरी किस्त के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके तुरंत बाद जिम्मेदार अधिकारी धनराशि की रिलीज सुनिश्चित करेंगे, ताकि निर्माण का काम तेजी से आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि अपना घर हर व्यक्ति का सपना होता है और उत्तर प्रदेश में अब तक करीब 62 लाख परिवारों को इस योजना के माध्यम से आवास उपलब्ध कराया जा चुका है।

लाभार्थियों का जिलेवार विवरण

सीएम ने बताया कि आज 92,098 लाभार्थियों के खातों में धनराशि भेजी गई। इनमें प्रमुख रूप से सहारनपुर 10,214, प्रतापगढ़ 7,991, शाहजहांपुर 4,325, फिरोजाबाद 4,266, प्रयागराज 3,331, जालौन 3,174, सीतापुर 3,078, गोरखपुर 3,063, बरेली 3,017, अलीगढ़ 2,883, बदायूं 2,712, महाराजगंज 2,701, मेरठ 2,626, अमरोहा 2,175, हरदोई 1,895, बुलंदशहर 1,826, कुशीनगर 1,562, बहराइच 1,529, आगरा 1,473, मऊ 1,470, बांदा 1,437, बिजनौर 1,364, गाजियाबाद 1,209, देवरिया 1,138 और गोंडा 1,121 लाभार्थी शामिल हैं।

सीधा ट्रांसफर, बीच में कोई लेनदेन नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार धनराशि डीबीसी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है, जिससे बीच में कोई लेनदेन या रुकावट नहीं होगी। उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य हर नागरिक को उसका अपना सुरक्षित और सुविधा सम्पन्न आवास उपलब्ध कराना है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.