नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक बार फिर दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं की सूची में शीर्ष स्थान पर काबिज हुए हैं। एक अंतरराष्ट्रीय सर्वेक्षण में उन्हें 68 प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग मिली है, जो अन्य वैश्विक नेताओं की तुलना में सबसे अधिक है। यह रेटिंग उनके लगातार तीसरे कार्यकाल के दौरान भी मजबूत जनसमर्थन को दर्शाती है।
मार्च के सर्वे में मोदी सबसे आगे
अमेरिका की डाटा एनालिटिक्स फर्म मॉर्निंग कंसल्ट द्वारा 2 से 8 मार्च के बीच कराए गए सर्वेक्षण में प्रधानमंत्री मोदी ने अन्य वैश्विक नेताओं से काफी बढ़त बनाई है। 75 वर्षीय मोदी 68 प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस सूची के टॉप-10 में भी जगह नहीं बना सके और उनकी रेटिंग 39 प्रतिशत दर्ज की गई।
टॉप-5 में किन नेताओं को मिली जगह
इस सूची में दूसरे स्थान पर स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाई पार्मेलिन और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्यंग हैं, जिन्हें 62 प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग मिली है। इसके बाद तीसरे स्थान पर चेक गणराज्य के नेता 57 प्रतिशत रेटिंग के साथ हैं, जबकि चौथे स्थान पर अर्जेंटीना के राष्ट्रपति 56 प्रतिशत के साथ शामिल हैं।
यूरोपीय नेताओं की रेटिंग काफी पीछे
सर्वे में कई प्रमुख यूरोपीय नेता काफी पीछे नजर आए। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर को 24 प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग मिली है। वहीं फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों केवल 17 प्रतिशत रेटिंग के साथ सूची में सबसे निचले स्थान पर रहे।
लंबे कार्यकाल के बीच भी बरकरार लोकप्रियता
यह रैंकिंग ऐसे समय में आई है जब प्रधानमंत्री मोदी ने देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले सरकार प्रमुख के रूप में एक नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कुल 8,931 दिन सरकार प्रमुख के रूप में पूरे कर लिए हैं, जिसमें गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री दोनों के रूप में उनका कार्यकाल शामिल है। इसके साथ ही वह सक्रिय नेतृत्व की भूमिका में अपने 25वें वर्ष में प्रवेश कर चुके हैं।