PM मोदी को नेताओं से मिल दूर करने चाहिए कुछ भ्रम-वेंकैया नायडू

0 378

नई दिल्ली: पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सभी पक्षों के नेताओं से मुलाकात करके अपने तरीकों के बारे में विपक्ष की “गलतफहमी” को दूर करना चाहिए। साथ ही उन्होंने विपक्ष को भी नसीहत दी। मौका था प्रधानमंत्री के भाषणों पर एक पुस्तक के विमोचन का। नायडू ने स्वास्थ्य, विदेश नीति और प्रोद्योगिकी समेत कई क्षेत्रों में भारत की शानदार उपलब्धियों के लिए पीएम मोदी की प्रशंसा की और कहा कि दुनिया में अब भारत की पहचान हो रही है।

प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी स्पीक्स (मई 2019-मई 2020) पुस्तक का विमोचन करने के बाद पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने कहा, “भारत अब एक ताकत बन गया है, इसकी आवाज अब दुनिया भर में सुनाई दे रही है। इतने कम समय में यह कर दिखाना कोई सामान्य बात नहीं है। यह उनके कार्यों के कारण है, जो मार्गदर्शन वह लोगों को दे रहे हैं और भारत की प्रगति के कारण है।

गलतफहमियों को दूर करना होगा
हालांकि, नायडू ने कहा कि मोदी की उपलब्धियों के बावजूद, कुछ वर्गों को अभी भी “कुछ गलतफहमी हैं, शायद कुछ राजनीतिक मजबूरियों के कारण” या उनके तरीकों के बारे में कुछ आपत्तियां हैं। नायडू ने कहा, “समय के साथ, इन गलतफहमियों को भी दूर किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री को सत्तापक्ष के साथ विपक्ष के नेताओं के साथ भी मुलाकात करके उन गलतफहमियों को दूर करना चाहिए।”

विपक्ष को भी नसीहत
नायडू ने आगे कहा कि राजनीतिक दलों को भी दिमाग खुला रखना चाहिए और जनादेश का सम्मान करना चाहिए। “उन्हें भी खुले विचारों वाला होना चाहिए … आप सभी को यह भी समझना चाहिए कि आप दुश्मन नहीं प्रतिद्वंद्वी हैं। सभी दलों को एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए।”

आरिफ मोहम्मद खान ने की पीएम की तारीफ
समारोह में केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर और सूचना एवं प्रसारण सचिव अपूर्व चंद्रा भी मौजूद थे। आरिफ खान ने मुसलमानों के बीच तीन तलाक की प्रथा पर प्रतिबंध लगाने के लिए कानून बनाने के लिए प्रधानमंत्री की सराहना की।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.