PM मोदी ने UAE राष्ट्रपति से की बात, ईरानी हमलों की कड़ी निंदा; कहा- मुश्किल वक्त में साथ खड़ा है भारत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से फोन पर बातचीत की है। यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब ईरान द्वारा UAE पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए गए हैं। प्रधानमंत्री ने इन हमलों की कड़ी निंदा करते हुए जान गंवाने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और साफ कहा कि भारत इस मुश्किल घड़ी में UAE के साथ मजबूती से खड़ा है।
सोशल मीडिया पर जताई संवेदना और समर्थन
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “UAE के प्रेसिडेंट, मेरे भाई शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात की। UAE पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की और इन हमलों में हुए जानमाल के नुकसान पर दुख जताया। भारत इस मुश्किल समय में UAE के साथ खड़ा है। UAE में रहने वाले भारतीय समुदाय का ख्याल रखने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। हम तनाव कम करने, इलाके में शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करते हैं।”
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता पर जोर देते हुए तनाव कम करने की आवश्यकता बताई।
ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमले, UAE ने जारी किए आंकड़े
जानकारी के मुताबिक, ईरान ने अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए हमलों के जवाब में UAE सहित खाड़ी क्षेत्र के कई देशों को निशाना बनाया है। UAE के रक्षा मंत्रालय के अनुसार शनिवार से अब तक 165 बैलिस्टिक मिसाइलें, 541 ड्रोन और 2 क्रूज मिसाइलें दागी गईं। मंत्रालय का कहना है कि अधिकांश हमलों को एयर डिफेंस सिस्टम ने नष्ट कर दिया, लेकिन कुछ हमलों से दुबई, अबू धाबी और अन्य इलाकों में नुकसान हुआ है।
हमलों में अब तक कम से कम 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 58 से अधिक लोग घायल बताए गए हैं। घायलों में कुछ विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
भारत-UAE के मजबूत रणनीतिक संबंध
भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच गहरे और रणनीतिक संबंध रहे हैं। दोनों देश आतंकवाद के खिलाफ सहयोग और क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर एकजुट रहे हैं। UAE में बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय निवास करता है और इसे दुनिया के सुरक्षित देशों में गिना जाता रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच प्रधानमंत्री मोदी की यह बातचीत दोनों देशों के मजबूत रिश्तों और संकट की घड़ी में साझेदारी का स्पष्ट संकेत मानी जा रही है।